नई दिल्ली, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) ने मंगलवार को छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में एक दिन पहले केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों पर नक्सलवादियों द्वारा किए गए हमले की निंदा की है और हमले में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
नक्सली हमले की निंदा करते हुए आप नेता कपिल मिश्रा ने कहा कि यह एक ‘कायराना’ हरकत है और देश इसे ‘बर्दाश्त नहीं’ करेगा।
दिल्ली सरकार में पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने यहां पत्रकारों से कहा, “यह एक बेहद दुखद घटना है। हम सभी को इसका गहरा दुख है। हम इन शहीदों को श्रद्धांजलि देते हैं। ईश्वर शहीद जवानों के परिवार वालों को दुख की इस घड़ी से उबरने की शक्ति प्रदान करे।”
कपिल ने कहा, “देश इन शहीद जवानों के अप्रतिम बलिदान को कभी नहीं भूलेगा।”
उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह से जवानों पर हुए इस ‘कायराना’ हमले का ‘बदला लेने’ की अपील भी की।
उन्होंने कहा, “कोई भी हमारे जवानों को इस तरह असान निशाना बनाए, इसे हम बिल्कुल बर्दाश्त नहीं कर सकते। हम अपील करते हैं कि गृहमंत्री और छत्तीसगढ़ प्रशासन इस हमले का ऐसा बदला लें कि नक्सलवादियों की कई नस्लें याद रखें।”
कपिल ने हालांकि यह भी कहा, “ऐसा पहली बार नहीं हुआ है, जब हमारे जवान नक्सलवादी हमले का शिकार हुए हैं। सरकार को देशवासियों को विश्वास में लेना चाहिए और देशवासियों को बताना चाहिए कि उसकी आतंकवाद से निपटने की क्या रणनीति है।”
उल्लेखनीय है कि सोमवार को छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में चिंतागुफा के नजदीक वन क्षेत्र में 300 से 400 हथियारबंद नक्सलियों ने सीआरपीएफ के जवानों पर घात लगाकर हमला कर दिया, जिसमें 25 जवानों की मौत हो गई।
dharmpath.com dharmpath