आप विधायक गिरफ्तार (लीड-1)

नई दिल्ली, 24 जुलाई (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस ने आम आदमी पार्टी (आप) के ओखला से विधायक अमानतुल्ला खान को रविवार को गिरफ्तार कर लिया।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (दक्षिणपूर्व) राजीव रंजन ने आईएएनएस से कहा, “हमने आज (रविवार) सुबह विधायक को गिरफ्तार कर लिया है। शिकायतकर्ता महिला ने पुलिस को दोबारा सूचित किया कि वह उसे धमका रहा था और साक्ष्यों से छेड़छाड़ की कोशिश कर रहा था।”

अधिकारी ने कहा, “हम उन्हें आज अदालत में पेश करेंगे।”

गौरतलब है कि एक 35 वर्षीय महिला ने कथित तौर पर धमकी देने के लिए 20 जुलाई को आप विधायक अमानतुल्ला खान के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि दक्षिण दिल्ली के जामिया नगर थाने में विधायक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 506 (धमकी देने) और 509 (शब्दों, भावों या कार्यो से महिला का अपमान करना) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

महिला द्वारा दर्ज शिकायत के मुताबिक, उसने 10 जुलाई को विधायक को फोन कर उन्हें खस्ताहाल बिजली आपूर्ति से अवगत कराया, जिसके बाद वह दक्षिण दिल्ली के बाटला हाउस क्षेत्र में उनके निवास स्थान पर गई।

वहां मौजूद विधायक के एक समर्थक ने महिला के साथ अभद्र व्यवहार किया और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि आप समर्थक ने महिला से कहा कि वह विधायक के आदेश पर उसके साथ गाली-गलौच कर रहा है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने खान की गिरफ्तारी पर ट्वीट कर कहा, “मोदी जी ने एक और आप विधायक को गिरफ्तार कराया।”

उन्होंने कहा कि गुजरात में फर्जी मामलों में दलितों और पाटीदारों को गिरफ्तार किया जा रहा है और ऐसा ही दिल्ली में भी हो रहा है।

केजरीवाल ने एक अन्य ट्वीट में कहा, “आनंदीबेन ने गुजरात में दलितों और पाटीदारों को फर्जी मामलों में जेल भेजा है। मोदीजी दिल्ली में लोगों को फर्जी मामलों में जेल भेज रहे हैं। दिल्ली और गुजरात अब एक-साथ लड़ेंगे।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493