हैदराबाद, 24 जुलाई (आईएएनएस)। हैदराबाद के जुबली हिल्स इलाके में एक निर्माणाधीन इमारत के ढहने से दो मजदूरों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए।
मरने वाले मजदूरों में पश्चिम बंगाल की एक महिला भी हैं।
अधिकारियों का कहना है कि कुछ मजदूरों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। प्रशासन मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश कर रहा है।
यह दुर्घटना फिल्म नगर में घटित हुई, जहां फिल्म नगर कल्चरल सेंटर के बगल में निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत ढह गई।
दोपहर 12.30 बजे के आसपास इमारत ढहने के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने आठ लोगों को बचा लिया, जिन्हें पास के अपोलो अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस, अग्निशमन दल और ग्रेटर हैदराबाद म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन (जीएचएमसी) ने बचाव कार्य शुरू किया है। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) ने भी बचाव अभियान में हिस्सा लिया है।
जीएचएमसी अधिकारी का कहना है कि इमारत के निर्माण को मंजूरी नहीं दी गई थी क्योंकि जमीन के स्वामित्व को लेकर विवाद था और यह मामला अदालत में लंबित था।
ग्रेटर हैदराबाद के महापौर बी.राममोहन ने घटनास्थल का दौरा किया।
dharmpath.com dharmpath