नई दिल्ली, 4 मार्च (आईएएनएस)। भाषण के जरिए घृणा फैलाने, केंद्र के खिलाफ अपमानजनक बातें कहने और सांप्रदायिक भावनाएं भड़काने के आरोप में आम आदमी पार्टी (आप) विधायक अमानतुल्ला खान के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। यह जानकारी दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को दी।
पुलिस के अनुसार आप के नेता ने 16 फरवरी को लालकिला में आयोजित एक कार्यक्रम में अपने भाषण में इस तरह की बातें कही थीं। इस संदर्भ में अधिवक्ता विवेक गर्ग की शिकायत पर कोतवाली थाने में गुरुवार को प्राथमिकी दर्ज की गई।
प्राथमिकी के अनुसार, खान एक वीडियो में मोदी सरकार के बारे में अपशब्द कहते सुने और देखे गए हैं और वहां उपस्थित जनसमूह को केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह के दिल्ली स्थित आवास का घेराव करने के लिए भी उकसा रहे हैं। उन्होंने कहा, “अगर आप लोग राजनाथ सिंह के घर का घेराव करने का फैसला करते हैं तो मैं यह आपको भरोसा दे सकता हूं कि मोदी सरकार में आपके बच्चों को छूने का साहस नहीं होगा।”
वीडियों में यह भी दिख रहा है कि खान ने कथित रूप से दिल्ली निवासी मुफ्ती अब्दुस समी कासमी का समर्थन किया। पिछले महीने मुफ्ती को उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने गिरफ्तार किया था।
प्राथमिकी के अनुसार कासमी भारतीय खिलाफत का विचारक है। इस मिशन को आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट के वे 15 संदिग्ध आगे बढ़ा रहे थे जिन्हें गणतंत्र दिवस समारोह के बाद गिरफ्तार किया गया था।
अधिवक्ता गर्ग ने आईएएनएस से कहा, “घृणा फलाने वाला वीडियो केजरीवाल सरकार की धर्मनिरपेक्ष साख पर सवालिया निशान लगाता है। हमारा मुकदमा मजबूत है और हम लोगों को उम्मीद है कि अदालत न्याय करेगी।”
dharmpath.com dharmpath