आयुष चिकित्सकों के अच्छे दिन जल्द : नाईक

लखनऊ, 26 जून (आईएएनएस)। केन्द्रीय आयुष मंत्री श्रीपद नाईक ने शुक्रवार को लखनऊ में आयुष चिकित्सकों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि जल्द ही आयुष चिकित्सकों के अच्छे दिन आएंगे। उन्होंने कहा कि आयुष चिकित्सा पद्घति देश की धरोहर है। इसे मुख्यधारा में लाना होगा और सरकार इस दिशा में तेजी से काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि आयुष चिकित्सकों को भी एलोपैथ चिकित्सकों की भांति सुविधाएं और वेतन देने पर विचार चल रहा है।

श्रीपद नाईक आयुष वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा आयोजित आयुष चिकित्सकों के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

श्रीपद नाईक ने कहा कि सुदूर क्षेत्रों में जहां एलोपैथ डाक्टर नहीं जाते हैं वहां भी आयुष चिकित्सक अपनी सेवाएं दे रहे हैं। अंग्रेजों ने जानबूझकर आयुष चिकित्सा पद्घति को दबाने का काम किया, लेकिन स्वतंत्रता के बाद भी इस पर ध्यान नहीं दिया गया।

उन्होंने कहा, “आयुष चिकित्सा पद्घति को बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पांच महीने के कार्यकाल में एक विभाग को मंत्रालय का दर्जा दिया।”

नाईक ने कहा कि योग ऋषियों-मुनियों की देन है और यह भारत की प्राचीन चिकित्सा पद्घति है। योग दिवस की तरह आयुष दिवस भी एक साथ पूरे विश्व में मनाया जाएगा।

इस मौके पर आयुष चिकित्सकों ने केन्द्रीय मंत्री से मांग की है कि कोई भी राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम बिना आयुष चिकित्सकों के सहयोग के न चलाया जाए।

होम्योपैथ चिकित्सक डॉ. अनुरुद्घ वर्मा ने कार्यक्रम में कहा कि जबतक आयुष चिकित्सा पद्घति को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य नीतियां नहीं बनाई जाएंगी, तबतक स्वास्थ्य का संकल्प पूरा नहीं होगा। उन्होंने कहा कि आयुष चिकित्सा पद्घतियां देश की जनता के अनुरूप हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493