नॉटिंघम, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान ब्रेंडन टेलर ने कहा है कि उन्होंने आर्थिक कारण से अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट को छोड़ने और इंग्लिश काउंटी क्लब नॉटिंघमशायर से जुड़ने का फैसला किया।
प्रोफेशनल क्रिकेटर्स एसोसिएशन के अनुसार टेलर को विश्व कप-2015 में जिम्बाब्वे की ओर से खेलने के लिए 250 आस्ट्रेलियाई डॉलर मिले, लेकिन अनुमान के अनुसार इंग्लिश काउंटी टीम की ओर से खेलते हुए वह 95,000 से 244,269 आस्ट्रेलियाई डॉलर तक की कमाई कर सकते हैं।
टेलर ने विश्व कप के बाद अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से अलग होने का फैसला किया।
क्रिकेट आस्ट्रेलिया की वेबसाइट के अनुसार टेलर ने कहा, “हर अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी का सपना होता है कि वह अपने देश के लिए खेले। जिम्बाब्वे टीम से अलग होने का फैसला मेरे लिए आसान नहीं था। मुझे लगता है कि कोई खिलाड़ी अगर यह कहता है कि वह ज्यादा से ज्यादा पैसे कमाने की कोशिश नहीं कर रहा तो वह झूठ बोल रहा है।”
गौरतलब है कि जिम्बाब्वे क्रिकेट में खिलाड़ियों का वेतन लंबे समय से एक मुद्दा रही है। इससे पूर्व 2013 में भी क्रेग इरविन ने इंग्लैंड में क्लब क्रिकेट और आस्ट्रेलिया में ग्रेड क्रिकेट में खेलने को तरजीह देते हुए जिम्बाब्वे क्रिकेट से करार करने से इंकार कर दिया था।
तेज गेंदबाज काइल जार्विस ने भी काउंटी टीम लंकाशायर की ओर से खेलने के लिए 24 साल की उम्र में ही अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था।
dharmpath.com dharmpath