लंदन, 31 जनवरी (आईएएनएस)। इंग्लिश प्रीमियर लीग के फुटबाल क्लब आर्सनल ने बुधवार को जर्मन क्लब बॉरूसिया डॉर्टमंड के स्टार स्ट्राइकर पीएरे-एमरिक अबामेयांग को 8.49 करोड़ डॉलर में खरीदा।
आर्सनल ने एक बयान में कहा, “28 वर्षीय अबामेयांग ने क्लब के साथ लंबा करार किया है। क्लब ने उन्हें खरीदने के लिए रिकॉर्ड भुगतान किया है।”
बयान में कहा गया, “इस समझौते की नियामक प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं और अबामेयांग को जल्द ही उनका जर्सी नंबर प्रदान किया जाएगा।”
गबोन की राष्ट्रीय टीम के कप्तान अबामेयांग ने जर्मन लीग में डॉर्टमंड के लिए 144 मैचों में 98 गोल और सभी टूर्नामेंट के 213 मैचों में 141 गोल किए हैं।
डॉर्टमंड के खेल निदेशक माइकल जोरिक ने एक बयान में कहा, “हाल के सप्ताह में जो भी हुआ उसके बावजूद हम अबामेयांग की कहानी को याद रखना चाहेंगे।”
उन्होंने कहा, “चार वर्षो में उन्होंने बहुत सारी सफलताएं अर्जित कीं और उस टीम का हिस्सा रहे जिसने 2017 में डीएफबी कप जीता था। हम अबामेयांग को आर्सनल में उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हैं।”
dharmpath.com dharmpath