योगी सरकार उप्र में छिपे देशद्रोहियों के खिलाफ अभियान चलाए : भाजपा विधायक

लखनऊ, 31 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में एटा जिले के कासगंज कस्बे में हुई सांप्रदायिक हिंसा में अब सियासत होनी शुरू हो गई है। हैदराबाद के भाजपा विधायक टी राजा ने बुधवार को हिंसा में मारे गये चंदन गुप्ता के घर जाकर उनके परिजनों को सांत्वना दी। इस मौके पर हालांकि उन्होंने कहा कि योगी सरकार को एक अभियान चलाकर यह पता करना पड़ेगा कि उप्र में कितने देशद्रोही छुपे हुए हैं।

मुलाकात के बाद लौटते समय हाथरस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजपा विधायक ने कहा, “यूपी में कितने देशद्रोही छिपे हैं, उनके खिलाफ योगी सरकार को अभियान चलाकर पता लगाना होगा। पाकिस्तानी ध्वज रखकर वे पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाते हैं। वे देशद्रोही हैं। भारत में इनकी लगातार संख्या बढ़ना देश के लिए खतरा है। अगर इन क्षेत्रों पर नजर नहीं रखी गई तो इसमें शक नहीं कि हर घर से एके 47 निकलेगी।”

कासगंज हिंसा में मारे गए चंदन को शहीद का दर्जा देने की मांग करते हुए टी. राजा ने कहा कि हम कासगंज जाकर उनके परिजनों से मिले। वे काफी तकलीफ में हैं।

उन्होंने कहा कि जो देश का झंडा लेकर निकलते हैं, उन पर गोली चलाने वाले देशद्रोही हैं। राष्ट्रध्वज भारतवासी नहीं फहराएगा तो क्या पाकिस्तानी आकर फहराएगा। यह कौन लोग हैं जो घर पर अवैध हथियार, देशी बम, तेजाब और पत्थर रखते हैं। यह लोग देश में क्या षड्यंत्र रच रहे हैं।

26 जनवरी को कासगंज जिले के कोतवाली इलाके में बिलराम गेट चैराहे पर तिरंगा यात्रा के तहत विश्व हिंदू परिषद और एबीवीपी के कार्यकर्ता बाइक से रैली निकाल रहे थे। इस तकरार में दोनों तरफ से फायरिंग, पत्थरबाजी हुई, जिसमें तिरंगा यात्रा में शामिल चंदन गुप्ता नाम के शख्स की गोली लगने से मौत हो गई। इसमें दूसरे पक्ष के एक शख्स को भी गोली लगी थी।

इसके बाद यहां तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं सामने आ रही हैं। रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हिंसा में मारे गए युवक के परिवार वालों को 20 लाख रुपये मुआवजा देने का एलान किया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493