मेलबर्न, 24 जनवरी (आईएएनएस)। सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त अमेरिकी टेनिस स्टार सेरेना विलियम्स और पूर्व सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त रूसी सुंदरी मारिया शारापोवा एक बार फिर एकदूसरे के खिलाफ दो-दो हाथ करती नजर आएंगी।
दोनों ही खिलाड़ियों ने वर्ष के पहले ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट आस्ट्रेलियन ओपन के सातवें दिन रविवार को अपने-अपने प्री क्वार्टर फाइनल मुकाबले जीत लिए।
ग्रैंड स्लैम में दोनों खिलाड़ी चार बार फाइनल में एकदूसरे को चुनौती दे चुकी हैं और अब वे करियर में 21वीं बार कोर्ट पर एकदूसरे के सामने होंगी।
पांच ग्रैंड स्लैम खिताब जीत चुकीं शारापोवा ने दो घंटे पांच मिनट तक चले चौथे दौर के मैच में स्विट्जरलैंड की बेलिंडा बेंसिक को 7-5, 7-5 से हराया।
मैच में शारापोवा ने करियर में सर्वाधिक 21 एस और 58 विनर्स लगाए।
मैच के बाद शारापोवा ने कहा, “पिछले वर्ष फाइनल में हमारे बीच हुआ मुकाबला शानदार था। तब मैं दूसरे सेट में जीत के काफी करीब तक पहुंची थी। मैं दुनिया की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के खिलाफ खेलने को लेकर तैयार हूं, जिसे उन्होंने (सेरेना) बीते कई वर्षो से साबित किया है। निश्चित तौर पर यह एक शानदार मैच होगा।”
रॉड लेवर अरेना में ही कुछ देर बाद हुए चौथे दौर के एक अन्य मुकाबले में सेरेना ने रूस की अपनी प्रतिद्वंद्वी मार्गेरिटा गैसपारियान को मात्र 55 मिनट में 6-2, 6-1 से शिकस्त दे दी।
मैच के बाद जब सेरेना को उनकी अगले दौर की प्रतिद्वंद्वी के बारे में बताया गया तो उन्होंने हैरत भरे लहजे में कहा, “मुझे इसका बिल्कुल अंदाजा नहीं था। शारापोवा ने थोड़ी देर पहले ही शानदार मैच खेला है। मेरे पास लेकिन खोने को कुछ नहीं है।”
सेरेना ने 2005 में मेलबर्न पार्क में शारापोवा के खिलाफ हुए पहले मुकाबले को याद करते हुए कहा, “मैं उस मैच में मैच पॉइंट पर पिछड़ रही थी और तब मुझे लगाया गया इनसाइड आउट फोरहैंड शॉट याद है। मैंने वह शॉट अपनी पूरी ताकत से लगाया था। मुझे अभी यही याद आ रहा है।”
dharmpath.com dharmpath