आस्ट्रेलिया जीत की प्रबल दावेदार : सिमंस

जॉर्जटाउन (गयाना), 2 जून (आईएएनएस)। वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के कोच फिल सिमंस ने आने वाली त्रिकोणीय श्रृंखला में अपनी टीम को जीत का दावेदार न मानते हुए आस्ट्रेलिया को पसंदीदा टीम बताया है। उन्होंने हालांकि यह भी कहा है कि वेस्टइंडीज को हल्के में लेना दूसरी टीमों के लिए भारी पड़ सकता है।

समाचार एजेंसी सीएमसी के मुताबिक, वेस्टइंडीज को तीन जून से 26 जून के बीच आस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के साथ त्रिकोणीय श्रृंखला खेलनी है।

वेस्टइंडीज की टीम इस समय एकदिवसीय रैंकिंग में आठवें स्थान पर है और वह शीर्ष स्थान पर काबिज आस्ट्रेलिया से 36 अंक पीछे है जबकि तीसरे स्थान की टीम दक्षिण अफ्रीका से वह 24 अंक पीछे है।

सिमंस ने बुधवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा, “वह एकदिवसीय में नंबर-1 और नंबर-3 टीमें हैं और इसलिए हमें अपने आप को परखने के लिए उनसे मुकाबला करने की जरूरत है। अगर हम उनसे जीत जाते हैं तो हम उनके करीब होंगे।”

सिमंस ने कहा, “नंबर एक टीम ही आने वाले टूर्नामेंट की प्रबल दावेदार है, लेकिन हमारी टीम को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। हमें भारत में खेले गए टी-20 विश्व कप में जीत के दावेदार के रूप में नहीं देखा जा रहा था, लेकिन हमने अपना खेल खेला और आप सभी ने देखा नतीजा क्या हुआ।”

वेस्टइंडीज को इस श्रृंखला में अपना पहला मुकाबला शुक्रवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नेशनल स्टेडियम में खेलना है। अपने दूसरे मुकाबले में वह रविवार को आस्ट्रेलिया से भिड़ेगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493