आस्ट्रेलिया में समलैंगिक शादी के मुद्दे पर फरवरी में मतदान

कैनबरा, 21 अगस्त (आईएएनएस)। समलैंगिक शादी को वैध बनाने के मुद्दे पर आस्ट्रेलियाई नागरिक अगले साल फरवरी महीने में मतदान करेंगे।

अधिकारियों ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री मैल्कम टर्नबुल सितम्बर में होने वाली लिबरल नेशनल पार्टी (एलएनपी) की बैठक में पार्टी सदस्यों को मतदान की नई तिथि के बारे में सूचित कर सकते हैं।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, इस मुद्दे पर फरवरी में जनमत संग्रह टर्नबुल के चुनावी वादे को एक हद तक तोड़ेगा। उन्होंने कहा था कि आस्ट्रेलिया के लोग समलैंगिक शादी के मुद्दे पर साल 2016 में ही मतदान करेंगे।

टर्नबुल के एक प्रवक्ता ने कहा कि आस्ट्रेलियाई चुनाव आयोग (एईसी) की एक संस्तुति में इस मुद्दे पर साल 2016 में मतदान कराने के खिलाफ मत दिया गया है।

प्रवक्ता ने रविवार को कहा, “सरकार ने हमेशा कहा है कि समलैंगिक शादी के मुद्दे पर फैसला राष्ट्रीय जनमत संग्रह में सभी आस्ट्रेलियाई लोगों के मत से किया जाएगा। जनमत संग्रह यथासंभव शीघ्र कराया जाएगा।”

जनमत संग्रह एक गैर बाध्यकारी वोट होगा जिसमें मतदाताओं से पूछा जाएगा, “क्या आप समलैंगिक की शादी की अनुमति के लिए एक कानून को मंजूरी देते हैं?”

इसके बाद आस्ट्रेलिया में समलैंगिक शादी को वैध बनाने के लिए संसद में एक विधेयक पेश किया जाएगा जिस पर उम्मीद है कि सांसद जनमत संग्रह में उनके मतदाताओं के मतों के अनुरूप हां या नहीं के रूप में वोट देंगे।

टर्नबुल की पार्टी एलएनपी के रूढ़ीवादी सांसदों ने पहले ही कह दिया है कि वे जनमत संग्रह के परिणामों पर ध्यान दिए बिना विधेयक के खिलाफ मतदान करेंगे। उनके इस रुख के बाद समलैंगिक शादी के समर्थक कह रहे हैं कि जनमत संग्रह की प्रक्रिया समय और धन की बर्बादी है।

समलैंगिक शादी को वैध बनाने के लिए अंतिम क्षण में प्रयास के तौर पर विपक्ष के नेता बिल शॉर्टेन आने वाले सप्ताहों में संसद में एक विधेयक पेश कर सकते हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493