इलाहाबाद, 19 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष होने वाले चुनाव से पहले उप्र में हर कार्यक्रम महत्वपूर्ण होता जा रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के जन्मशताब्दी वर्ष पर 21 नवंबर को होने वाली चित्र प्रदर्शनी के उद्घाटन के मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी मौजूद रहेंगी।
भारत रत्न इंदिरा गांधी के जन्मशताब्दी वर्ष पर स्वराज भवन में ‘इंदिरा एक साहसिक जीवन फोटो प्रदर्शनी’ लगाई जा रही है। 21 नवंबर को समारोह के दौरान पूरा गांधी परिवार स्वराज भवन में मौजूद रहेगा। 22 नवंबर से पांच जनवरी, 2017 तक प्रदर्शनी आम जनता के लिए खुली रहेगी।
उत्तर प्रदेश कांग्रेसी कमेटी के प्रवक्ता किशोर वाष्र्णेय के मुताबिक, प्रदर्शनी में इंदिरा गांधी के आधुनिक भारत निर्माण के महत्वपूर्ण योगदान पर चित्रण की विविध झलक दिखाई देगी। इंदिरा गांधी 1930 तक स्वराज भवन में ही रही थीं।
उद्घाटन समारोह में दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, पूर्व केंद्रीय मंत्री और राज्यसभा सदस्य राजीव शुक्ला, इंदिरा गांधी मेमोरियल ट्रस्ट की नदिंता बेग और सुमन दुबे, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर और सांसद प्रमोद तिवारी भी मौजूद रहेंगे।
dharmpath.com dharmpath