निशानेबाजी : राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में मानवजीत ने जीता स्वर्ण

जयपुर, 19 नवंबर (आईएएनएस)। पूर्व विश्व चैम्पियन देश के अग्रणी निशानेबाज मानवजीत सिंह संधू ने शनिवार को 60वें राष्ट्रीय निशानेबाजी चैम्पियनशिप प्रतियोगिता की ट्रैप स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीत लिया।

चार बार ओलम्पिक में खेल चुके मानवजीत ने क्वालिफाइंग राउंड में 117 का स्कोर करते हुए चौथे स्थान के साथ फाइनल चरण में प्रवेश किया।

फाइनल चरण में कुछ छह खिलाड़ियों को प्रवेश दिया गया था।

इसके बाद सेमीफाइनल में मानवजीत ने 15 में से 12 निशाने सही लगाए और स्वर्ण पदक मुकाबले में प्रवेश किया।

यहां उन्होंने ओडिशा के रणिंदर सिंह को 14-13 से मात देते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया।

रियो में पहली बार ओलम्पिक खेलने वाले तेलंगाना के युवा निशानेबाज कायनान चेनाई ने राजस्थान के अधिराज सिंह राठौड़ को हराते हुए स्पर्धा का कांस्य पदक जीता।

वहीं टीम ट्रैप स्पर्धा में एयर इंडिया ने जोरावर सिंह संधु के शानदार प्रदर्शन की बदौलत स्वर्ण पदक जीता। जोरावर 121 का स्कोर करते हुए शीर्ष स्थान के साथ फाइनल चरण में पहुंचे थे। वहीं अधिराज की बदौलत राजस्थान ने इस स्पर्धा का रजत पदक जीता।

मानवजीत की टीम पंजाब को टीम स्पर्धा में कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।

जूनियर पुरुष ट्रैप स्पर्धा में हरियाणा के लक्ष्य श्योरान ने राजस्थान के मनवादित्य सिंह राठौड़ की कड़ी चुनौती से उबरते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।

मध्य प्रदेश के आकाश सहारन को स्पर्धा का कांस्य पदक मिला।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493