इंदौर, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। शीर्ष बल्लेबाजों के स्तरहीन प्रदर्शन के बीच महेंद्र सिंह धौनी (नाबाद 92) की कप्तानी पारी की बदौलत भारतीय क्रिकेट टीम ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मंगलवार को होल्कर क्रिकेट स्टेडियम में जारी दूसरे एकदिवसीय में 247 रन बनाए।
धौनी के अलावा अजिंक्य रहाणे (51) ने उल्लेखनीय पारी खेली।
दूसरे ही ओवर में कैगिसो रबाडा की गेंद पर रोहित शर्मा (3) के क्लीन बोल्ड होने के बाद रहाणे ने शिखर धवन (23) के साथ 56 रन जोड़ पारी संभालने की कोशिश की।
लेकिन इसके बाद भारतीय पारी ऐसी लड़खड़ाई की 124 रनों पर उसके छह बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। इसके बाद धौनी ने भुवनेश्वर कुमार (14) और हरभजन सिंह (22) के साथ क्रमश: 41 और 56 रनों की साझेदारी कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
धौनी अंत तक नाबाद रहे। उन्होंने 86 गेंदों की अपनी बेहतरीन जुझारू पारी में सात चौके और चार छक्के लगाए।
दक्षिण अफ्रीका के लिए डेल स्टेन ने सर्वाधिक तीन, जबकि मोर्ने मोर्केल और इमरान ताहिर ने दो-दो विकेट चटकाए। पिछले मैच के हीरो रहे रबाडा एकमात्र विकेट हासिल कर सके। ज्यां पॉल ड्यूमिनी पांच से अधिक की इकॉनमी से रन लुटाने वाले एकमात्र गेंदबाज रहे।
dharmpath.com dharmpath