भोपाल, 16 फरवरी (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश में विकास की बयार बहाए जाने के दावे की बीच इंदौर में पांच बच्चों की एक बुजुर्ग मां का खजराना मंदिर के बाहर भीख मांगने का मामला सामने आया है। इस मामले को राज्य मानवाधिकार आयोग ने गंभीरता से लेते हुए इंदौर के जिला महिला सशक्तिकरण अधिकारी से रिपोर्ट तलब की है।
राज्य मानवाधिकार आयोग की ओर से शुक्रवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, “इंदौर में पांच बेटे-बेटियों के होने के बावजूद वृद्ध मुनिया बाई को खजराना मंदिर के बाहर भीख मांगने के लिए मजबूर होने की घटना को संज्ञान में लिया गया है। आयोग ने इस सिलसिले में जिला महिला सशक्तिकरण अधिकारी से रिपोर्ट मांगी गई है।”
वहीं आयोग ने राजधानी के बैरसिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में झोलाछाप डॉक्टरों का मकड़जाल फैले होने के मामले को संज्ञान में लिया है। आयोग ने प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण से जानना चाहा है कि प्रदेश में गत एक वर्ष में ऐसे कितने प्रकरणों में कार्रवाई की गई है।
dharmpath.com dharmpath