इंद्राणी अस्पताल में, हालत में सुधार

मुंबई, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। शीना बोरा हत्याकांड के तीन मुख्य अभियुक्तों में से एक इंद्राणी मुखर्जी को शुक्रवार दोपहर बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों ने शनिवार को बताया कि उनकी हालत में सुधार हो रहा है।

इंद्राणी को मुंबई के सर जे.जे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल के डीन टी.पी. लहाणे ने शनिवार को बताया कि इंद्राणी की हालत में सुधार हो रहा है और अभी वह अर्धचेतन अवस्था में हैं। उन्हें पूरी तरह से ठीक होने में कम से कम तीन दिन लगेंगे।

लहाणे ने शनिवार को संवाददाताओं को बताया, “वह आवाजों को सुनकर उस पर प्रतिक्रिया दे रही हैं। उन्होंने पीने के लिए एक बार पानी भी मांगा, लेकिन अभी वह अर्धचेतन अवस्था में हैं। उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही है, इसलिए उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। हम उनकी सही स्थिति का पता लगाने के लिए उनके मूत्र की जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।

इंद्राणी को शुक्रवार दोपहर लगभग दो बजे सांस लेने में तकलीफ और बेचैनी की शिकायत के बाद सर जे.जे.अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

लहाणे ने कहा कि शुक्रवार देर रात उनकी हालत गंभीर थी। उनकी कई जांच की गई।

उन्होंने कहा, “हमें लगता है कि उन्होंने कुछ गोलियां खा ली हैं इसलिए हम उसी आधार पर उनका इलाज कर रहे हैं।”

गृह विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी सतवीर सिंह ने बताया कि इंद्राणी जेल प्रशासन की निगरानी में मिरगी के इलाज के लिए दो गोलियां लेती थीं, जिनमें से एक सुबह और दूसरी शाम में लेनी होती थी।

हालांकि ऐसा लगता है कि उन्होंने गोलियों को इकट्ठा कर लिया होगा और शुक्रवार सुबह उन्हें एक साथ खा लिया, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई।

इंद्राणी को अपनी बेटी शीना बोरा की हत्या के मामले में 25 अगस्त को गिरफ्तार किया गया था। शीना बोरा की हत्या अप्रैल 2012 में हुई थी। शीना उनकी पूर्व शादी से हुई बेटी थी।

इस मामले में इंद्राणी के पूर्व पति संजीव खन्ना और उनके पूर्व चालक श्यामवर राय को भी गिरफ्तार किया गया है। वे सात सितंबर से न्यायिक हिरासत में हैं। मामले की जांच पहले मुंबई पुलिस कर रही थी, लेकिन बाद में महाराष्ट्र सरकार ने इसे केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को सौंप दिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493