इंद्राणी के बेटे ने कहा, मैं हो सकता हूं अगला निशाना

गुवाहाटी, 27 अगस्त (आईएएनएस)। बेटी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार इंद्राणी मुखर्जी के बेटे मिखाइल बोरा को अपनी जान का डर सता रहा है। उनका कहना है कि बहन शीना बोरा की हत्या के बाद अब वह अपनी मां के निशाने पर हो सकते हैं।

मिखाइल ने गुवाहाटी में संवाददाताओं से कहा, “मैं नहीं जानता। मैं अपनी मां का अगला निशाना हो सकता हूं। वह बहुत प्रभाव रखती है और जो चाहे वह कर सकती है।”

उन्होंने कहा कि बहन की हत्या की जांच के सिलसिले में एजेंसियों की मदद करने के लिए वह मुंबई जाने को तैयार हैं लेकिन उन्हें अकेले जाने में डर लग रहा है।

मिखाइल ने कहा, “मैं मुंबई उसी हाल में जाऊंगा जब यहां (गुवाहाटी में) मेरे बुजुर्ग नाना-नानी की देखभाल के लिए असम सरकार दो नर्स तैनात करेगी।”

इंद्राणी मुखर्जी स्टार इंडिया के पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीटर मुखर्जी की पत्नी हैं। इस शादी के पहले के संबंध से उनकी दो संतानें, मिखाइल और शीना बोरा हैं। बुधवार को मिखाइल ने यह जानकारी दी कि इंद्राणी ही दोनों की मां हैं और इसे डीएनए टेस्ट से साबित किया जा सकता है।

मुंबई पुलिस की एक टीम गुरुवार को शीना बोरा और परिवार के मामले में और जानकारी लेने के लिए गुवाहाटी पहुंची। टीम इंद्राणी के माता-पिता के घर गई जहां मिखाइल रहते हैं।

मिखाइल ने कहा कि वह जानते हैं कि शीना की हत्या क्यों हुई। अगर इंद्राणी ने सच्चाई नहीं बताई तो 31 अगस्त के बाद वह खुद इसका खुलासा कर देंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493