इंफाल में हड़ताल से जनजीवन प्रभावित

इम्फाल, 19 जनवरी (आईएएनएस)। इंफाल में नागरिक समाज समूह ने मंगलवार को 12 घंटे की एक हड़ताल बुलाई, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा। हड़ताल यहां एक अस्थायी बाजार के निर्माण के विरोध में बुलाई गई।

थांगमेईबैंड केन्द्र विकास संगठन (टीएकेडीओ) और पोइरेई लिमारोल मेईरा पेबी अपुनबा मणिपुर ने लगातार दूसरे दिन यह हड़ताल रखी है।

हाल में आए भूकंप के कारण क्षतिग्रस्त हुए मुख्य विपणन परिसर के पुन:निर्माण कार्य को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक ने रुकवा दिया था, जिसके बाद महिला विक्रेताओं ने विधायक के साथ दुर्व्यवहार किया।

इसके खिलाफ सोमवार सुबह विरोध-प्रदर्शन हुआ। इस दौरान हुई झड़प में 30 लोग घायल हो गए, जिसमें अधिकतर महिलाएं हैं।

टीएकेडीओ के सचिव हेइशनाम जमुना ने कहा, “हमने मुख्यमंत्री ओकराम इबोबी से मुलाकात कर उनसे किसी उपयुक्त स्थान पर अस्थायी बाजार बनवाने में मदद करने की मांग की थी।”

जमुना ने कहा, “वह काफी उत्साहित थे। पूरी मुलाकात के दौरान वह यही कहते रहे कि सरकार ने सड़क किनारे बाजार बनवाने का फैसला लिया है और तय समय पर इसका काम पूरा हो जाएगा। इसीलिए हमने आम हड़ताल आगे बढ़ाने का फैसला लिया।”

हड़ताल की वजह से दुकानें, बैंक, स्कूल और अन्य संस्थान बंद रहे और यहां थांगल बाजार से चहल-पहल नदारद रही।

निर्माण मंत्री आर. रतनकुमार ने कहा, “यह इकलौता अस्थायी बाजार नहीं है। पोलोग्राउंड के पूर्वी हिस्से में एक और अस्थायी बाजार बनवाया जाएगा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493