जेरूसलम, 10 फरवरी (आईएएनएस)। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने मंगलवार को कहा कि उनकी देश की चारदिवारी कराने की योजना है, क्योंकि मध्यपूर्व ‘खुंखार जानवरों’ से भरा पड़ा है, जो इस यहूदी देश के लिए खतरा हैं।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, नेतन्याहू ने यह बात जॉर्डन से लगती पूर्वी सीमा पर एक नई चारदिवारी वाले निर्माणस्थल का निरीक्षण करने के दौरान कही। उन्होंने कहा, “हम मौजूदा मध्यपूर्व में हमारी हिफाजत करने के लिए पूरे इजरायल के इर्दगिर्द सुरक्षा चारदिवारी या बाड़े लगाने की एक बहु-वर्षीय योजना बनाने की तैयारी कर रहे हैं।”
उन्होंने जाहिर तौर पर इस्लामी आतंकवादियों की ओर इशारा करते हुए कहा, “हम जिस जगह पर रह रहे हैं, वहां हमें खुंखार जंगली जानवरों से अपनी हिफाजत जरूर करनी चाहिए।”
नेतन्याहू ने यह भी कहा कि वेस्ट बैंक की विभाजन दीवार के रास्ते भी बंद किए जाएंगे।
इजरायल ने 20 जनवरी को जॉर्डन से लगती अपनी सीमा पर 30 किलोमीटर लंबी एक चारदिवारी या घेरे का निर्माण शुरू किया। यह चारदिवारी ऐलात शहर से तिम्ना हवाईअड्डे तक फैली होगी।
पिछले माह रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, इस पर करीब 28.8 करोड़ शेकल्ज (पैसे) की लागत आएगी।
dharmpath.com dharmpath