इनेलो ने हरियाणा-पंजाब सीमा से लगी सड़कें जाम कीं, यात्री परेशान (लीड-1)

चंडीगढ़, 10 जुलाई (आईएएनएस)। हरियाणा में अधिक पानी लाने के लिए पंजाब में सतलज-यमुना संपर्क नहर के तत्काल निर्माण की मांग को लेकर इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) कार्यकर्ताओं द्वारा सोमवार को हरियाणा में अंबाला के नजदीक राष्ट्रीय राजमार्ग तथा चार अन्य राजमार्गो को ‘सड़क रोको आंदोलन’ के तहत जाम कर दिया गया। इससे हजारों मुसाफिरों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ा।

पंजाब और हरियाणा ने वाहनों के आवागमन के मार्ग में बदलाव किया और वाहनों को गांवों की सड़कों व लंबे रास्तों से गुजरना पड़ा, जिससे पंजाब से हरियाणा, दिल्ली या अन्य स्थानों को जाने वाले यात्रियों को अफरातफरी और परेशानी का सामना करना पड़ा।

इनेलो के कार्यकर्ताओं ने सुबह 10 बजे के करीब पांच जगहों पर नाकेबंदी शुरू की और अपराह्न तीन बजे तक राजमार्गों की नाकेबंदी जारी रखी।

इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने मीडिया को बताया, “हमारी लड़ाई सतलज-यमुना लिंक नहर के जरिए किसानों और हरियाणा के लोगों के लिए पानी पाने की है।”

परेशान यात्री इस बात से नाराज दिखे कि उन्हें पंजाब और हरियाणा के नेताओं की राजनीति का भुक्तभोगी बनना पड़ रहा है।

पंजाब के सरहिंद के रहने वाले जगजीत सिंह ने कहा, “हमें इस उमस भरी गर्मी में घंटों परेशान होने के लिए मजबूर किया गया है। हमें नहीं पता कि हम अपनी मंजिल तक कब पहुंचेंगे। परिवार में किसी की मृत्यु हो गई है और हम तत्काल कुरुक्षेत्र (हरियाणा) जा रहे थे। राजनीतिक दल आम आदमी को परेशान नहीं कर सकते।”

इनेलो के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने अपने एकदिवसीय ‘रोड रोको आंदोलन’ के तहत यहां से करीब 45 किलोमीटर दूर अंबाला के नजदीक एनएच-1 को जाम कर दिया।

प्रदर्शनकारियों ने शंभू नाके पर अमृतसर और दिल्ली को जोड़ने वाले व्यस्त राजमार्ग को भी जाम कर दिया और पंजाब से वाहनों को हरियाणा में दाखिल नहीं होने दिया।

हरियाणा के सिरसा जिले में दाबवली कस्बे के पास भी वाहनों का आवागमन रोका गया।

इनेलो हरियाणा को ज्यादा जलापूर्ति के लिए पंजाब में सतलज-यमुना लिंक नहर के तत्काल निर्माण की मांग कर रहा है।

इनेलो के प्रदर्शन को देखते हुए केंद्रीय सुरक्षा बल और हरियाणा पुलिस के सैकड़ों सुरक्षा कमियों को राज्य की सीमा से सटे पांच प्रमुख स्थानों पर तैनात किया गया है।

हरियाणा के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सोमवार सुबह से ही उन स्थानों पर तैनात रहे, जहां प्रदर्शन हुए।

हरियाणा पुलिस के अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजीपी) आर. सी मिश्रा ने शंभू नाके पर कहा, “हम किसी भी स्थिति के लिए तैयार हैं। हम परिस्थिति के आधार पर कार्रवाई करेंगे।”

वाहनों को राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-1 पर लालरु-चंडीगढ़ खंड, एनएच-1 पर अंबाला शम्भू सीमा, नरवाना-धानौरी सीमा, फतेहाबाद जिले में रतिया-बुढाल्दा रोड (जाखल मोड़) और सिरसा जिले के दाबवली में रोका गया।

इनेलो के नेताओं का कहना है कि आपातकालीन वाहनों, जैसे एंबुलेंस आदि की आवाजाही को विरोध-प्रदर्शन से अलग रखा गया।

उधर, पंजाब में प्रशासन ने पहले ही सार्वजनिक सेवा की बसों को एहतियातन सोमवार को हरियाणा नहीं भेजने का फैसला किया।

अबाला में एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गो की नाकेबंदी करने के लिए विरोध कर रहे इनेलो कार्यकताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा।

सर्वोच्च न्यायालय पूर्व में अपने फैसलों में राष्ट्रीय राजमार्गो की नाकेबंदी को प्रतिबंधित कर चुका है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493