इफ्फी को हतोत्साहित न करें एफटीआईआई के छात्र : पारसेकर

पणजी, 20 नवंबर (आईएएनएस)। गोवा के मुख्यमंत्री लक्ष्मीकांत पारसेकर ने यहां शुक्रवार को 46वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (इफ्फी) के उद्घाटन से पूर्व भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (एफटीआईआई) के अनशनकारी विद्यार्थियों से फिल्मोत्सव के आयोजन स्थल पर अपना विरोध-प्रदर्शन कर आयोजकों को हतोत्साहित न करने की अपील की।

पारसेकर ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि एफटीआईआई के विद्यार्थियों ने इफ्फी के उद्घाटन स्थल डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी इंडोर स्टेडियम में विरोध-प्रदर्शन करने की धमकी दी है। वह शुक्रवार देर शाम फिल्मोत्सव का उद्घाटन होने के बाद एफटीआईआई के विद्यार्थियों से बात करना चाहते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा, “उन्हें फिल्मोत्सव के उत्साह को फीका नहीं करना चाहिए। विशेषकर उस समय जब राज्य इफ्फी के लिए इतना सजाया-संवारा गया है।”

उन्होंने कहा, “मैं जरूरत पड़ी तो उनसे बात कर सकता हूं। मैं उनसे अपना प्रदर्शन टालने का आग्रह करूंगा। हम इस बारे में केंद्र सरकार से बात कर सकते हैं, जो हम सभी के लिए एक पिता की तरह है।”

भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान के विद्यार्थियों ने अभिनेता एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्य गजेंद्र चौहान को संस्थान का निदेशक बनाए जाने के खिलाफ 12 जून से 139 दिवसीय हड़ताल की थी।

एफटीआईआई के विद्यार्थियों के प्रवक्ता किस्ले गोंजाल्विस ने आईएएनएस को बताया, “हम तालेइगाओ स्थित गोवा विश्वविद्यालय के डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम के बाहर इकट्ठा होंगे, जहां इफ्फी का उद्घाटन समारोह होना है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493