वाशिंगटन, 18 जून (आईएएनएस)। अमेरिका के रक्षा मंत्री एश्टन कार्टर ने स्वीकार किया कि इराक में आतंकवादी संगठन आईएस के खिलाफ उन्होंने पर्याप्त तेजी से इराकी बलों को तैयार नहीं किया।
कार्टर ने बुधवार को अमेरिकी कांग्रेस के निचले सदन प्रतिनिधिसभा की शस्त्र सेवा समिति की बैठक में कहा, “हम यह बात जानते हैं कि इराकी सुरक्षा बलों को सैन्य प्रशिक्षण देने की हमारी प्रक्रिया धीमी थी।”
समाचार एजेंसी एफे की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी रक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि इराक को अपने सुरक्षा बल में नए सदस्यों की भर्ती में समस्या हो रही है।
एश्टन ने कहा कि अमेरिका ने इराकी सेना और सुन्नी एवं कुर्द मिलिशिया को टैंक-रोधी हथियार और दूसरे सैन्य उपकरणों की आपूर्ति में तेजी लाने का फैसला किया है।
इस बीच, ज्वाइंट चीफ ऑफ स्टॉफ जनरल मार्टीन डेंपसी ने कहा कि वह रिपब्लिकन पार्टी के कुछ सीनेट सदस्यों के आईएस को खदड़ने के लिए अमेरिकी लड़ाकों को इराक भेजने के प्रस्ताव के खिलाफ हैं।
dharmpath.com dharmpath