इराक सेना ने आईएस के खिलाफ मुहिम छेड़ी

बगदाद, 26 मई (आईएएनएस)। इराक के अनबर प्रांत की राजधानी रमादी और सलाहुद्दीन प्रांत के बाकी हिस्सों से इस्लामिक स्टेट (आईएस) के आतंकवादियों को खदेड़ने के लिए इराक की सेना ने मंगलवार को दो सैन्य हमले शुरू कर दिए। नागरिक सेना (हश्द शाबी) के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी।

हश्द शाबी के प्रवक्ता अहमद अल-असादी ने एक प्रेस वार्ता में कहा कि इराकी सेना, पुलिस और शिया एवं सुन्नी नागरिक सेना के लड़ाकों ने मंगलवार सुबह अपने ठिकानों से रमादी शहर में आईएस के ठिकानों की ओर बढ़ना शुरू कर दिया।

सरकारी चैनल ‘इराकिया’ ने अहमद असादी की प्रेस वार्ता का प्रसारण किया।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, असादी ने कहा कि इराकी सेनाएं तीन दिशाओं से रमादी की ओर बढ़ रही हैं। शहर को आजाद कराने के लिए इराक की सेना ने दक्षिणी रमादी में आईएस के आपूर्ति मार्ग को भी बाधित कर दिया है।

सेना की आठवीं बिग्रेड मुख्यालय और प्रांतीय अभियान कमांड से इराकी सैनिकों के हटने के बाद 17 मई को देर रात आईएस के लड़ाकों ने रमादी पर अपना कब्जा कर लिया था।

असादी ने कहा कि सलाहुद्दीन प्रांत में सुरक्षा बलों और हश्द शाबी ने मंगलवार तड़के नया अभियान शुरू कर दिया। इस अभियान को ‘लबैका या हुसैन (हुसैन हम आपकी सेवा में तत्पर)’ नाम दिया गया है। हुसैन को 12 शिया इमामों में सबसे प्रतिष्ठित इमाम माना जाता है।

उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य सलाहुद्दीन प्रांत के पश्चिमी हिस्सों और अनबर प्रांत के उत्तरी हिस्सों को आईएस आतंकवादियों के कब्जे से मुक्त कराना है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493