इलाहाबाद/विंध्याचल, 20 नवंबर (आईएएनएस)। गोरखपुर के सांसद योगी आदित्यनाथ को इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ के लिए बने भवन का उद्घाटन करना था, मगर उन्हें वहां जाने से रोका गया। नाराज भाजपा सांसद ने शुक्रवार को सूबे की अखिलेश सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा सरकार के इशारे पर प्रशासन ने उन्हें रोका, जबकि राज्य में कहीं भी आने-जाने का उन्हें अधिकार है।
योगी ने विंध्याचल में पत्रकारों से बातचीत में कहा, “सपा सरकार के इशारे पर प्रशासन ने मुझे इलाहाबाद जाने से रोक दिया। यह कार्रवाई निंदनीय और मौलिक अधिकारों का हनन है।”
‘हिंदू जेहादियों’ जैसे बोल के कारण हमेशा चर्चा में रहने वाले योगी ने सूबे के कैबिनेट मंत्री आजम खां और कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आजम एक महत्वहीन व्यक्ति हैं, जबकि मणिशंकर ‘मानसिक तौर पर बीमार’ हैं।
ज्ञात हो कि पुलिस ने योगी को इलाहाबाद में प्रवेश करने से पहले रोक दिया। वह भवन का उद्घाटन नहीं कर पाए।
गौरतलब है कि योगी छात्रसंघ के कार्यक्रम में न पहुंच सकें, इसलिए पुलिस ने हर तरफ हर तरफ नाकेबंदी कर रखी थी। गंतव्य से दूर योगी ने विंध्यधाम में पूजन किया। वहीं छात्रसंघ के कार्यक्रम में जाने की कोशिश कर रहे सांसद केशव प्रसाद मौर्या और सांसद वीरेंद्र सोनकर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इस मामले से खफा आदित्यनाथ के समर्थकों ने सपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्रसंघ भवन के उद्घाटन कार्यक्रम में सांसद योगी आदित्यनाथ के शामिल होने को लेकर पिछले कई दिनों से छात्र संगठनों के बीच संग्राम छिड़ा था। हालात की नजाकत देखते हुए गुरुवार को प्रशासन को भी इस मामले में हस्तक्षेप करना पड़ा।
जिलाधिकारी संजय कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के.एस. इमैनुएल ने गुरुवार को ही प्रेसवार्ता कर कहा था कि सांसद योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने अनुमति नहीं ली है। लिहाजा, उनके कार्यक्रम पर प्रतिबंध रहेगा। इस दौरान किसी ने शांति-व्यवस्था में दखल देने की कोशिश की तो कड़ी कार्रवाई होगी।
संजय कुमार ने शुक्रवार को कहा कि सांसद योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम को लेकर पिछले तीन दिनों से छात्र संगठनों के बीच झड़प और विरोध की खबरें आ रही थीं।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन और एलआईयू से रिपोर्ट मांगी गई। रिपोर्ट के आधार पर योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम पर प्रतिबंध लगाया गया और उनके इलाहाबाद आने पर भी रोक लगा दी गई।
dharmpath.com dharmpath