इस टीम में पिछली टीमों से बेहतर टेस्ट टीम बनने की काबिलियत : शास्त्री

नई दिल्ली, 12 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय टीम के नवनियुक्त मुख्य कोच रवि शास्त्री ने बुधवार को कहा कि विराट कोहली के नेतृत्व वाली मौजूदा भारतीय टीम में देश की पिछली टीमों से बेहतर टेस्ट टीम बनने की काबिलियत है।

शास्त्री को बुधवार देर रात टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया। वह इससे पहले 2014-2016 में टीम के निदेशक रह चुके हैं।

सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली और वीवीएस. लक्ष्मण की तीन सदस्यीय क्रिकेट सलाहकार समिति (सीएसी) ने शास्त्री को आईसीसी विश्व कप-2019 तक के लिए टीम का कोच नियुक्त किया है।

कोहली की कप्तानी वाली टीम की सराहना करते हुए पूर्व भारतीय कप्तान ने कहा कि मौजूदा टीम में किसी भी परिस्थिति में खेलने का माद्दा है।

शास्त्री ने एक समाचार चैनल से लंदन में कहा, “यह टीम भारत की पिछली टेस्ट टीमों से कहीं बेहतर हो सकती है। इस टीम के साथ आप आगे जा सकते हो। इस टीम में कई अच्छे तेज गेंदबाज हैं जो हर परिस्थिति में अच्छा कर सकते हैं।”

पूर्व कोच अनिल कुंबले का कार्यकाल विवादों के बीच समाप्त होने के मद्देनजर जब शास्त्री से कोच के समक्ष आने वाली चुनौती के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वह किसी भी चुनौती के लिए तैयार हैं।

उन्होंने कहा, “मैं चुनौतियां पसंद करता हूं। मैं भारतीय टीम के साथ किसी भी चुनौती के लिए तैयार हूं। जब आपसे खराब मौसम में बल्लेबाजी करने को कहा जाता है तो यह चुनौती होती है।”

शास्त्री ने कहा, “मैं चुनौतियों का आदी हूं।”

शास्त्री के साथ पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान को टीम का गेंदबाजी सलाहकार नियुक्त किया गया है। वहीं अंडर-19 और इंडिया-ए टीम के कोच राहुल द्रविड़ को विदेशी दौरों (टेस्ट) के लिए टीम का बल्लेबाजी सलाहकार नियुक्त किया गया है।

शास्त्री पिछली बार भी कोच बनने की दौड़ में शामिल थे, लेकिन कुंबले से मात खा गए थे। उस समय टीम के पूर्व कप्तान गांगुली के साथ शास्त्री के विवाद ने काफी तूल पकड़ा था।

गांगुली से अपने रिश्तों पर शास्त्री ने कहा, “हम दोनों पूर्व कप्तान हैं। बहसें होती हैं, लेकिन हम एकदूसरे का सम्मान करते हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493