नई दिल्ली, 12 जुलाई (आईएएनएस)। पूर्व भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी बिशन सिंह बेदी के बेटे अभिनेता अंगद बेदी का कहना है कि वेब श्रृंखला ‘इनसाइड एज’ में अरविंद वशिष्ठ की भूमिका की तैयारी कराने में उनके पिता ने उन्हें काफी मदद दी। यह श्रृंखला क्रिकेट टूर्नामेंट की पृष्ठभूमि पर आधारित है।
अंगद ने मुंबई से फोन पर आईएएनएस को बताया, “एक अभिनेता के रूप में अपने किरदार के बारे में जानने के लिए आपको गहराई में जाना पड़ता है। मेरे लिए यह चीज पिता के साथ समय गुजारने से सामने आई।”
उन्होंने कहा, “उनके (बिशन सिंह बेदी) लिए क्रिकेट उनका धर्म है। वह पांच साल तक भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रहे। मैंने उनसे कप्तानी और टीम के सदस्यों को कैसे संभालें, इस बारे में काफी बात की।”
‘पिंक’ और ‘डियर जिंदगी’ जैसी फिल्मों में काम कर चुके अभिनेता इस खेल को समझने के लिए अन्य क्रिकेट खिलाड़ियों के खेल को भी देखते हैं।
शो में अंगद एक क्रिकेट टीम के कप्तान बने हैं, जिसे कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
‘इनसाइड एज’ में विवेक ओबेरॉय, ऋचा चड्ढा, तनुज वीरवानी और आहाना कुमरा भी हैं।
dharmpath.com dharmpath