कोलकाता, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। इस वर्ष भारत में खेल जगत में होने वाले कार्यक्रमों के आधार पर यह अनुमान लगाया गया है कि खेल प्रसारण उद्योग में पिछले वर्ष की तुलना में 15-20 प्रतिशत तक वृद्धि होगी। उद्योग के सूत्रों ने यह जानकारी दी है।
भारत में ‘सोनी पिक्चर्स नेटवर्क’ के कार्यकारी उपाध्यक्ष और ‘स्पोर्ट्स क्लस्टर’ के व्यापार प्रमुख प्रसन्ना कृष्णन ने कहा, “खेल प्रसारण उद्योग का विकास वर्ष में होने वाले खेल कार्यक्रमों की संख्या पर आधारित होता है। इसमें साल-दर-साल के आधार विकास होने की एक सतत प्रवृत्ति नहीं है।”
प्रसन्ना ने कहा, “2016 के साल की शुरुआत ही टी-20 विश्व कप जैसे टूर्नामेंट से हुई है और इस वर्ष यूईएफए यूरो 2016 का भी आयोजन होगा, तो भारत में खेल प्रसारण उद्योग में 15-20 प्रतिशत तक वृद्धि होने की संभावना है।”
उनके अनुसार भारत में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की लोकप्रियता काफी अधिक है और कबड्डी, हॉकी, फुटबाल, बैडमिंटन तथा टैनिस जैसी लीगों से भी क्षेत्र के बाजारों को विकास में काफी मदद मिल रही है।
भारत ‘सोनी पिक्चर्स नेटवर्क (एसपीएन)’ की नजर इस वर्ष होने वाली 15-20 प्रतिशत तक वृद्धि पर है।
प्रसन्ना ने कहा, “भारत में होने वाले ‘वीवो-आईपीएल’ का एकमात्र टेलीविजन प्रसारणकर्ता होने के नाते हम कार्यक्रम के दर्शकों की संख्या में वृद्धि की ओर किये जाने वाले प्रयासों के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
उन्होंने कहा कि आईपीएल के मैचों की हिंदी और अंग्रेजी के साथ तमिल, तेलुगू, बंगाली सहित कई भाषाओं में प्रसारण जारी रखेंगे।
dharmpath.com dharmpath