पणजी, 1 अगस्त (आईएएनएस)। गोवा के पर्यटन मंत्री मनोहर अजगांवकर ने मंगलवार को कहा कि सनबर्न और सुपरसोनिक जैसे इलेक्ट्रॉनिक नृत्य संगीत कार्यक्रमों ने गोवा के पर्यटन के प्रवाह को बढ़ाया है और राज्य को एक अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन स्थल के रूप में भी बढ़ावा दिया है।
मंत्री ने गोवा विधानसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा कि पांच साल (2012 से 2016 तक) के दौरान जब ईडीएम कार्यक्रम आयोजित किए गए, तो राज्य सरकार को दो कार्यक्रमों से 20.46 करोड़ रुपये के राजस्व की प्राप्त हुई थी।
अजगांवकर ने कहा, “ऐसे त्यौहार पर्यटकों के आगमन में वृद्धि के कारकों में से एक हैं।”
पिछले कुछ सालों से गोवा ईडीएम के एक गंतव्य के रूप में विकसित हुआ है, विशेषकर क्रिसमस से नए साल तक की अवधि में, जो हर साल 60 लाख से अधिक पर्यटकों को आकर्षित करती है।
अजगांवकर ने कहा, “इस प्रकार के कार्यक्रम राज्य में त्योहार की अवधि के दौरान अतिरिक्त पर्यटकों, विशेषकर संगीत प्रेमियों को लुभाने लगे हैं। यह राजकोष के साथ ही होटल मालिकों, टैक्सी और टूर ऑपरेटरों, स्थानीय लोगों के लिए भी कमाई का मौका दे रहे हैं।”
उन्होंने कहा, “सुपरसोनिक और सनबर्न जैसे ईडीएम त्यौहारों को दुनियाभर में व्यापक रूप से प्रचारित किया जाता है और दुनिया के विभिन्न भागों में प्रसारित किया जाता है। यह प्रचार गोवा की नए पर्यटकों को आकर्षित करने में सहायता करते हैं।”
dharmpath.com dharmpath