ईडी ने चंदा कोचर, धूत से पूछताछ की (लीड-1)

मुंबई, 2 मार्च (आईएएनएस)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शनिवार को आईसीआईसीआई बैंक की पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) चंदा कोचर, उनके पति दीपक कोचर और वीडियोकॉन समूह के प्रमोटर वेणुगोपाल धूत से पूछताछ की।

पूछताछ कॉरपोरेट समूहों के लिए 1,875 करोड़ रुपये के कर्ज को मंजूरी देने में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों की जारी जांच के तहत की गई।

ईडी ने चंदा कोचर और दीपक कोचर व धूत से एजेंसी के कार्यालय में पूछताछ की। ये लोग पूछताछ के लिए ईडी द्वारा तलब किए जाने के बाद एजेंसी के कार्यालय पहुंचे थे।

अधिकारी ने कहा, “ईडी इनके बयान को रिकॉर्ड करेगी और एजेंसी द्वारा जब्त किए गए दस्तावेजों से इसका मिलान कराया जाएगा।”

ईडी ने इससे पहले शुक्रवार को धनशोधन रोकथाम अधिनियम(पीएमएलए) के तहत कोचर और धूत के आवासों पर एकसाथ छापे मारे थे।

ईडी ने सीबीआई की प्राथमिकी के आधार पर फरवरी में धनशोधन का मामला दर्ज किया था।

कोचर पर अन्य आरोपियों के साथ एक आपराधिक साजिश कर निजी कंपनियों को ऋण स्वीकृत करने का आरोप है।

प्राथमिकी में चंदा कोचर, दीपक कोचर, धूत और उनकी कंपनियों-वीडियोकोन इंटरनेशनल इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड और वीडियोकॉन इंडस्ट्रीज लिमिटेड के नाम हैं। इसके अलावा एफआईआर में धूत द्वारा शुरू की गई कंपनी सुप्रीम एनर्जी और दीपक कोचर के स्वामित्व वाली न्यूपॉवर रिनेवेबल का नाम है।

अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आईसीआईसीआई बैंक द्वारा एक कंसोर्टियम के हिस्से के रूप में 1,875 करोड़ रुपये के ऋण की मंजूरी में कुछ गलत हुआ है या नहीं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493