नई दिल्ली, 12 मई (आईएएनएस)। इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हुए तृणमूल कांग्रेस ने शुक्रवार को निर्वाचन आयोग से निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए चुनावों में ईवीएम की जगह मतपत्रों का पुन: इस्तेमाल शुरू करने की मांग की।
निर्वाचन आयोग द्वारा आहूत सर्वदलीय बैठक में शिरकत करने के बाद तृणमूल कांग्रेस के उपाध्यक्ष मुकुल रॉय ने कहा, “हम कह चुके हैं कि ईवीएम पूरी तरह विश्वसनीय नहीं हैं और हमने दृढ़तापूर्वक मांग की है कि निर्वाचन आयोग भविष्य में होने वाला चुनाव मतपत्रों के माध्यम से कराए।”
रॉय ने कहा, “हमारी पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी साल 2004 में ही ईवीएम की विश्वसनीयता पर सवाल उठा चुकी हैं। यहां तक कि अति विकसित देश भी अब अपने यहां चुनाव मतपत्रों के माध्यम से कराते हैं। हमें मतपत्रों के माध्यम से चुनाव कराने की पुरानी परंपरा की तरफ लौटना चाहिए।”
उन्होंने कहा कि पार्टी ने चुनावों का वित्तपोषण राज्यों द्वारा करने की भी वकालत की है।
रॉय ने कहा, “पारदर्शी, स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने का केवल एक ही तरीका है कि चुनाव का वित्तपोषण राज्य द्वारा किया जाए। हमारी पार्टी लंबे समय से यह मांग करती रही है और आज (शुक्रवार को) भी हमने इस मुद्दे को निर्वाचन आयोग के समक्ष उठाया।”
dharmpath.com dharmpath