उज्जैन : तीसरी पेशवाई में साधु-संतों ने अस्त्र-शस्त्र से दिखाए करतब (लीड-1)

उज्जैन, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में सिंहस्थ कुंभ शुरू होने से पहले सोमवार को तीसरी पेशवाई श्री पंचतपोनिधि निरंजनी अखाड़े की निकली। इस पेशवाई में साधु-संतों ने रथ, घोड़े और हाथी की सवारी की, वहीं कई साधुओं ने अस्त्र-शस्त्र से करतब दिखाए, जो आकर्षण का केंद्र रहा।

निरंजनी अखाड़े की पेशवाई चारधाम मंदिर से शुरू हुई। इस पेशवाई में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपनी पत्नी साधना सिंह के साथ शामिल हुए। भव्य पेशवाई में सबसे आगे ध्वजा लिए उत्साहपूर्वक अस्त्र-शस्त्र का करतब दिखाते हुए नागा संन्यासी चल रहे थे।

पेशवाई में 50 सफेद घोड़ों पर सवार नागा साधु सभी के आकर्षण का केंद्र रहे। उनके पीछे बैंडबाजों के साथ 50 रथों पर सवार महामंडलेश्वर महंत चल रहे थे। पेशवाई में करीब 25 बैंड धार्मिक भजनों की स्वर-लहरियां बिखेर रहे थे। लोक नृत्य करते हुए आदिवासी नर्तक भी चल रहे थे। पेशवाई के दौरान वायुयान द्वारा पुष्पवर्षा भी की गई।

पेशवाई चारधाम मंदिर से प्रारंभ होकर हरिफाटक, चौथी भुजा, इंदौरगेट, देवासगेट, मालीपुरा, दौलतगंज चौराहा, नईसड़क, कंडाल, सतीगेट, छत्रीचौक, गोपाल मंदिर, ढाबा रोड, छोटी रपट होते हुए बड़नगर रोड स्थित छावनी पहुंची।

महाकाल की नगरी में 22 अप्रैल से शुरू होने वाले सिंहस्थ कुंभ की यह तीसरी पेशवाई है, इसे प्रवेशाई भी कहा जाता है, क्योंकि साधु-संत अपने साथियों के समूह के साथ सिंहस्थ में प्रवेश करते हैं। पहली पेशवाई जूना अखाड़े की पांच अप्रैल को निकली थी और दूसरी पेशवाई आवाहन अखाड़ा की 10 अप्रैल को निकल चुकी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493