‘उड़ता पंजाब’ की टीम ने न्यायालय के फैसले का स्वागत किया

मुंबई, 13 जून (आईएएनएस)। ‘उड़ता पंजाब’ फिल्म की टीम ने फिल्म में 13 कट लगाने की सेंसर बोर्ड की मांग पर रोक लगाने और एक कट के साथ फिल्म को रिलीज करने के बंबई उच्च न्यायालय के फैसले का सोमवार को स्वागत किया और कहा कि अब उनकी फिल्म ‘उड़ेगी’।

केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) के खिलाफ इस लड़ाई का नेतृत्व करने वाले फिल्म के सह-निर्माता अनुराग कश्यप ने कहा, “मुझे विश्वास है!!!!”

अभिनेता शाहिद कपूर ने ट्विटर पर लिखा, “ऐतिहासिक फैसला। उड़ता पंजाब उड़ेगी और साथ ही आजादी और अभिव्यक्ति की आवाज भी। समर्थन के लिए आप सभी का धन्यवाद। यह आपकी जीत है।”

अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने लिखा, “शुक्र..शुक्र।”

फिल्म के निर्देशक अभिषेक चौबे ने कहा कि उन्हें काफी राहत मिली है और निर्माता फिल्म को पूर्व निर्धारित तारीख 17 जून को ही रिलीज करने की तैयारी कर रहे हैं।

अभिनेत्री आलिया भट्ट ने लिखा, “आखिरकार उड़ता पंजाब उड़ेगी! यह अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, हमारे न्यायतंत्र, उद्योग, मीडिया और आप सभी के लिए है।”

फिल्म निर्माताओं के समर्थन में खड़ी फिल्मी बिरादरी ने फैसले पर राहत की सांस ली है। उनका मानना है कि यह ‘लोकतंत्र की जीत है।’

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493