‘उड़ता पंजाब’ की सेंसर बोर्ड प्रति लीक हुई हो तो यह शर्म की बात : आमिर

लुधियाना, 16 जून (आईएएनएस)। फिल्म अभिनेता आमिर खान ने गुरुवार को कहा कि अगर फिल्म ‘उड़ता पंजाब’ की आनलाइन लीक हुई कॉपी सेंसर बोर्ड वाली है तो यह बहुत शर्म की बात है। इससे केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) की साख बुरी तरह प्रभावित होगी।

उन्होंने यह भी कहा कि वह खुद पंजाब में यह फिल्म देखेंगे।

फिल्म लीक होने के मुद्दे पर आमिर ने यहां संवाददाताओं से कहा, “मुझे नहीं पता कि यह सीबीएफसी की कॉपी है या नहीं। अगर इस बात की पुष्टि नहीं हुई है तो फिर मैं इस पर टिप्पणी नहीं कर सकता। लेकिन, अगर यह सेंसर बोर्ड वाली कॉपी है, हालांकि हम इसके बारे में निश्चित तौर पर नहीं जानते, तो सीबीएफसी के लिए शर्म की बात है। उन्हें ये शोभा नहीं देता। यह सीबीएफसी को बुरी तरह प्रभावित करेगा।”

अभिनेता-निर्माता ने कहा कि लेकिन अगर यह सेंसर कॉपी नहीं है तो फिर यह पायरेसी का मुद्दा है जिससे हम सब बहुत लंबे समय से लड़ रहे हैं।

कई आनलाइन प्लेटफार्म पर फिल्म की लीक कॉपी के स्नैपशाट हैं और ऐसा लग रहा है कि यह वही कॉपी है जो सीबीएससी को सौंपी गई थी, इसमें वह दृश्य भी हैं जिन पर सेंसर बोर्ड ने आपत्ति जताई थी।

आगामी फिल्म ‘दंगल’ की शूटिंग कर रहे आमिर ने कहा, “पायरेटेड संस्करण देख रहा आम आदमी यह समझ नहीं पाता कि वह एक अपराध कर रहा है।”

आमिर ने फिल्म को लेकर सेंसर बोर्ड के साथ विवाद में ‘उड़ता पंजाब’ की टीम का समर्थन किया था।

आमिर ने बंबई उच्च न्यायालय द्वारा फिल्म के पक्ष में दिए गए फैसले को सही ठहराया और कहा कि वह फिल्म देखने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, “मैं पंजाब में फिल्म देखूंगा क्योंकि मैं यहां शूटिंग कर रहा हूं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493