लखनऊ, 21 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री व बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती ने उत्तराखंड के चकराता में दलितों के प्रति हीन व जातिवादी मानसिकता रखने वाले लोगों के रवैये पर चिंता जाहिर की है।
मायावती ने मंदिर में प्रवेश के मामले में भाजपा सांसद तरुण विजय सहित कई अन्य लोगों पर जानलेवा हमला करने की निंदा करते हुए इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग उत्तराखंड की कांग्रेस सरकार से की है।
लखनऊ में शनिवार को जारी एक बयान में पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने यह चिंता जाहिर की।
उन्होंने कहा, “सांसद व स्थानीय दलित नेतागण अपने समाज के लोगों को इलाके के एक मंदिर में प्रवेश कराने गए थे। यह मामला संवेदनशील था, फिर भी स्थानीय पुलिस ने वहां पर सुरक्षा की पूरी व्यवस्था नहीं की। इस कारण यह अप्रिय घटना हुई और सांसद सहित अन्य कई लोग इस हमले में घायल हो गए।”
मायावती ने कहा कि इस घटना के संबंध में उत्तराखंड की सरकार दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करे।
दलित नेताओं को समुचित सुरक्षा व घायल लोगों को मुफ्त इलाज की व्यवस्था की मांग करते हुए मायावती ने कहा कि भविष्य में ऐसी अप्रिय घटना की पुनरावृत्ति नहीं हो, इसके लिए भी राज्य सरकार को समुचित व्यवस्था करने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में खासकर विधानसभा के चुनाव नजदीक होने के मद्देनजर ऐसे जातिवादी लोगों पर कड़ी निगाह रखने की जरूरत है, ताकि कोई अप्रिय घटना नहीं हो और प्रदेश में शांति व्यवस्था बनी रहे।
dharmpath.com dharmpath