देहरादून, 15 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तराखंड में बुधवार को हुए विधानसभा चुनाव में लगभग 68 फीसदी मतदान की खबर है, जो पिछले दो विधानसभा चुनाव में हुए मतदान प्रतिशत से बेहतर है।
एक चुनाव अधिकारी ने कहा, “इस बार 68 फीसदी मतदान हुआ। साल 2012 विधानसभा चुनाव में 66 फीसदी और साल 2007 में 64 फीसदी वोट पड़े थे।”
नैनीताल में 70 फीसदी, हरिद्वार में 70 फीसदी, उत्तरकाशी में 73 फीसदी तथा उधमसिंह नगर में 70 फीसदी मतदान हुआ।
निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने कहा कि राज्य की 70 में से 69 सीटों पर मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हो गया।
कर्णप्रयाग में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) उम्मीदवार की मौत के कारण वहां चुनाव टाल दिया गया था। वहां नौ मार्च को मतदान होगा।
राज्य के गठन के बाद यह चौथा विधानसभा चुनाव है, जहां 75 लाख मतदाता 628 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।
कुछ जगहों पर खराब मौसम के बावजूद पुरुष व महिला मतदाताओं ने मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
अधिकारियों के मुताबिक, 11 मार्च की सुबह तक डाक मतपत्र प्राप्त किए जाएंगे और उसी दिन उत्तराखंड सहित पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव की मतगणना होगी।
राज्य में कुल 10,685 मतदान केंद्र बनाए गए थे, जिनमें से 1,409 को ‘अत्यंत संवेदनशील’ घोषित किया गया था।
यमुनोत्री में एक मतदान केंद्र समुद्र स्तर से 9,800 फुट की ऊंचाई पर स्थित था।
उत्तराखंड में कांग्रेस तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच सीधा मुकाबला है, जबकि बहुजन समाज पार्टी (बसपा) भी दौड़ में शामिल है।
dharmpath.com dharmpath