उत्तर प्रदेश को नहीं चाहिए दत्तक पुत्र : प्रियंका गांधी

रायबरेली, 17 फरवरी (आईएएनएस)। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की पुत्री प्रियंका गांधी वाड्रा ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को अपने विकास के लिए किसी गोद लिए हुए बेटे की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि लोग उन्हें वोट नहीं देंगे जो झूठे वादे करते हैं।

उत्तर प्रदेश में अपनी पहली चुनावी सभा में प्रियंका ने कहा, “मोदी कहते हैं कि उत्तर प्रदेश ने बतौर पुत्र उन्हें गोद लिया है। क्या उत्तर प्रदेश को अपने विकास के लिए किसी बाहरी को गोद लेने की जरूरत है? उत्तर प्रदेश को अपनी बेहतरी के लिए दत्तक पुत्र नहीं चाहिए। राहुल गांधी (कांग्रेस उपाध्यक्ष) व अखिलेश जी (उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री) उत्तर प्रदेश के दो बेटे हैं।”

उन्होंने कहा, “प्रदेश का हर युवा नेता बन सकता है और इसके विकास के लिए काम कर सकता है। उसे वोट दीजिए जो आपके लिए काम करे, न कि उसे जो झूठे वादे करे।”

मोदी ने गुरुवार को प्रदेश की एक जनसभा में खुद को उत्तर प्रदेश का दत्तक पुत्र बताया था और कहा था कि वह प्रदेश के लोगों का साथ नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने पिता मुलायम सिंह यादव से विवाद के लिए अखिलेश यादव को भी निशाने पर लिया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493