लखनऊ, 21 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को कहा कि प्रदेश को सबसे ज्यादा पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) हमने ही दिए हैं और साथ ही सभी वर्गों के लोगों को बराबर का सम्मान दिया है।
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आजाद मेमोरियल अकादमी की वेबसाइट के उद्घाटन समारोह पर अखिलेश यादव ने अपने सरकार की जमकर तारीफ की और विरोधियों पर तंज कसा।
अखिलेश यादव ने कहा, “विरोधी पार्टियां भी सपा द्वारा हुए विकास को जानती हैं। हमने विकास में संतुलन भी बना रखा है। पिछली सरकार के कामकाज में सरकारी अस्तपतालों में दवाओं की समस्या रहती थी। डॉक्टरों की हत्या हो रही थी, लेकिन सपा सरकार में इनका समाधान हुआ है।”
विकास कार्यों का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा सरकार शहर और गांव को तरक्की के रास्ते पर ले आई है। बुनकरों के लिए नोएडा, गाजियाबाद, लखनऊ में बाजार बनाया, जौनपुर में मेडिकल कॉलेज बनाया, भदोही के कालीन उद्योग के लिए सड़क बनाई, भदोही के कालीन उद्योग को बढ़ाया। साथ ही बिजली का इंतजाम किया।
अखिलेश यादव ने मुस्लिमों को 20 फीसदी आरक्षण दिए जाने पर कहा कि मुस्लिमों की लड़ाई हम लड़ते रहेंगे। साथ ही कहा कि बुनकरों के लिए बिजली बिल माफ किए जाएंगे।
dharmpath.com dharmpath