नई दिल्ली, 1 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने शुक्रवार को उदार कर व्यवस्था का नाजायज लाभ नहीं उठाने की चेतावनी देते हुए कहा कि दुनिया पारदर्शी व्यवस्था अपना रही है, जिससे गैर कानूनी लेन-देन अब गोपनीय रखा जा सकेगा।
प्रवर्तन निदेशालय के स्थापना दिवस समारोह में उन्होंने कहा, “समय आ गया है जब हर व्यक्ति को कम कर वाली उदार कर व्यवस्था में ईमानदारी का पालन करने का फैसला कर लेना चाहिए।”
उन्होंने कहा, “इसलिए यदि आप कानून के दायरे में रह कर लेन-देन करेंगे, तो सुरक्षित रहेंगे। यदि आप उल्लंघन करेंगे, तो (संबंधित अधिकारियों को) पता चल जाएगा।”
उन्होंने कहा कि जी-20 देशों की सूचनाओं के स्वचालित किए जाने की पहल से 2017 तक हर प्रकार का मौद्रिक लेन-देन पारदर्शी हो जाएगा।
जेटली ने कहा, “हर देश एक-दूसरे को मदद करेंगे। अमेरिका ने अपने घरेलू कानून के अंतर्गत मजबूत पहल की है। अमेरिका चाहता है कि हर देश सूचनाओं के आदान-प्रदान पर उनके साथ समझौता कर ले।”
उन्होंने कहा, “इन दोनों पहल से 2017 तक हर किसी के लिए गैरकानूनी संपत्ति रखना या गैरकानूनी मौद्रिक लेन-देन करना जोखिम भरा हो जाएगा। हमें भारत के लोगों को इसके लिए तैयार करना होगा।”
dharmpath.com dharmpath