मुरादाबाद, 12 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मुरादाबाद जिले के बिलारी पहुंच कर सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले विधायक हाजी इरफान के परिजनों से मिलकर शोक जताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिंदगी वश में नहीं, पर जो सपने विधायक ने देखे उनको पूरा करने में सपा सरकार पीछे नहीं हटेगी।
मुख्यमंत्री 10़ 50 बजे बिलारी में एमएजेएमआई कालेज में हैलीकॉप्टर से उतरे और सीधे विधायक के घर पहुंचे। विधायक की वालिदा से मिल कर ढाढस बंधाया।
मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं नहीं जानता था कि विधायक जनता के बीच इतने लोकप्रिय हैं। अपने व्यवहार और भाषा से लोगों को आसानी से जोड़ लेते थे। मुझसे जब भी मिले क्षेत्र के विकास की बात की। हादसा दुखद रहा पर जिंदगी किसी के वश में नहीं होती है। पूरा समाजवादी परिवार पीड़ितों के साथ है।”
अखिलेश ने कहा कि क्षेत्र में जो भी विकास के कार्य अधूरे हैं, उनको सरकार पूरा करेगी।
इसके बाद अखिलेश यादव इसी हादसे में मौत का शिकार बने के.पी. यादव के पैतृक गांव चेचरी हैलीकॉप्टर से पहुंचे और परिजनों को हिम्मत बंधाई। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार में नौकरी दिलाई जाएगी। मुख्यमंत्री के साथ बदायूं के सांसद धर्मेद्र यादव समेत स्थानीय स्तर के कई सपा नेता मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि 10 मार्च को शिवपाल यादव के बटे आदित्य यादव की शादी में शामिल होने जा रहे सपा विधायक हाजी इरफान की एक सड़क हादसे में मौत हो गई थी। इसी यादव में के.पी. यादव का भी निधन हो गया था।
dharmpath.com dharmpath