लखनऊ, 22 दिसम्बर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वयोवृद्घ नेता और देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जन्मदिवस 25 दिसम्बर को है। भाजपा इस वर्ष 25 दिसम्बर को ‘गुड गवनेर्ंस वीक’ के रूप में मनाएगी। इस दौरान जनता के सामने विरोधियों का रिपोर्ट कार्ड पेश करने के साथ ही केंद्र में काबिज नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियों का गुणगान भी किया जाएगा।
गुड गवनेर्ंस वीक में भाजपा की ओर से लखनऊ में तहरी भोज का आयोजन किया जाएगा। इन्हीं आयोजनों में भाजपा जनता के सामने विरोधियों का रिपोर्ट कार्ड भी पेश करेगी। यही नहीं, भाजपा जनता को संगठन से लेकर मोदी सरकार की उपलब्धियां भी गिनाएगी।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता विजय बहादुर पाठक ने बताया कि अटल बिहारी वाजपेयी के बर्थडे से शुरू हो रहे ‘गुड गवनेर्ंस वीक’ के दौरान मोदी सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं पर डॉक्युमेंट्री भी दिखाई जाएगी। इसके अलावा विचार गोष्ठी भी आयोजित होगी।
पाठक ने बताया कि पार्टी ‘श्रेष्ठ भारत की ओर’ स्लोगन के जरिए केंद्र सरकार की उपलब्धियां लोगों के बीच रखेगी।
‘बीजेपी वर्कर गुड गवनेर्ंस वीक’ के दौरान केंद्र सरकार की प्रमुख उपलब्धियों के बारे में जनता को बताया जाएगा। देश में ऊर्जा बचत के लिए 1.5 करोड़ एलईडी बल्ब का वितरण किया जाएगा।
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया रोजाना 18 किमी सड़क का निर्माण करा रही है। अगले साल तक इसे बढ़ाकर 30 किमी प्रतिदिन करने का लक्ष्य है। प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना में 12 रुपये वार्षिक जमा कर व्यक्तिा दो लाख रुपये का बीमा होगा।
सुकन्या योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना। स्वच्छता अभियान, मुद्रा बैंक योजना तथा प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना और केंद्र सरकार की अन्य योजनाओं के बारे में जनता को बताया जाएगा।
गौरतलब है कि भाजपा में इस समय संगठनात्मक चुनाव चल रहे हैं। बूथ और मंडल स्तर पर 25 दिसंबर तक संगठन तैयार होने की उम्मीद है। ऐसे में नए चेहरे जहां अब जनता के बीच जाएंगे, वहीं उनके प्रदर्शन के आधार पर उन्हें आगे कार्यक्रमों में जिम्मेदारी देने की भी कोशिश की जाएगी।
dharmpath.com dharmpath