हड़ताल में प्राइवेट प्रैक्टिस करने वाले डॉक्टर, नर्सिग होम, पैथोलॉजी संचालक और और डायग्नोस्टिक सेंटर के कर्मचारी शामिल रहे। वहीं इस हड़ताल को देखते हुए सभी सरकारी अस्पतालों में अलर्ट रहा।
इलाहाबाद में डॉक्टर रोहित गुप्ता पर जानलेवा हमले के साथ ही अपनी अन्य मांगों को लेकर प्रदेश भर के आईएमए के डॉक्टर हड़ताल पर रहे। इलाहाबाद के डाक्टर रोहित गुप्ता पर हमला करने वालों पर कड़ी कारवाई के साथ ही इनकी मांग इलाहाबाद के स्वरूप रानी अस्पताल के डॉ. दिलीप चौरसिया व डॉ. मनीषा द्विवेदी का निलंबन रद्द करने की है।
इसके साथ ही इनकी मांग अस्पतालों एवं चिकित्सकों की सुरक्षा के लिए मेडिकल प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने, नगर निगम के लाइसेंस शुल्क के नाम पर चिकित्सकों का उत्पीड़न बंद करने, पंजीकरण तथा निगरानी के नाम पर अस्पतालों एव डाइग्नोस्टिक सेंटर्स में सीएमओ का हस्तक्षेप बंद करने और आंदोलन कर रहे चिकित्सकों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की है।
इसके अलावा डॉक्टरों की मांग कानपुर की चिकित्सक डॉ. आरती लालचंदानी के खिलाफ कार्रवाई के बाद उनका निलंबन रोकने की भी है।
गौरतलब है कि इलाहाबाद के निजी अस्पताल आनंद में मरीज की मौत के बाद परिजन भड़क गए थे। उन्होंने गेस्ट्रोलॉजिस्ट डॉक्टर रोहित गुप्ता की जमकर पिटाई कर दी थी, जिसके बाद इस घटना से डॉक्टरों में भारी गुस्सा है।
डॉक्टरों ने आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक काम के बहिष्कार की घोषणा की है। इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन में हुई डाक्टरों की बैठक के बाद सभी प्राइवेट डाक्टरों ने आरोपियों की गिरफ्तारी न होने तक कामकाज का बहिष्कार कर हड़ताल की घोषणा कर दी गई थी।
dharmpath.com dharmpath