लखनऊ, 25 नवम्बर (आईएएनएस)। असहिष्णुता को लेकर दिए गए बयान को लेकर फिल्म अभिनेता आमिर खान का विरोध उप्र में भी शुरू हो गया है। लखनऊ में आमिर के खिलाफ तहरीर दी गई वहीं कानपुर में भी परिवाद दाखिल किया गया है।
अभिनेता आमिर के खिलाफ लखनऊ के आशियाना थाने में प्रवीण अवस्थी नाम के युवक ने तहरीर दी है। तहरीर के मुताबिक आमिर ने जो बयान दिया है वो देश और देशवासियों के विरुद्ध है।
उन्होंने आमिर खान के खिलाफ देशद्रोह और अखंडता नष्ट करने की प्राथमिकी दर्ज कर उचित कार्रवाई करने की अपील की।
आलमबाग के रहने वाले प्रवीण कुमार अवस्थी का कहना है कि देशवासी भाईचारे की मिसाल हैं। आमिर का ऐसा बयान उनके बीच दरार डालने की कोशिश है।
तहरीर में यह भी लिखा गया है, “हमारे समाज में असहिष्णुता कहीं से भी नहीं दिखाई देती। आमिर खान एक प्रतिष्ठित और ख्याति प्राप्त व्यक्ति हैं, उनके ऐसे बयान से देश की अखंडता को खतरा है।”
वहीं कानपुर में भी अधिवक्ता मनोज दीक्षित ने आमिर खान के खिलाफ कानपुर अदालत में देशद्रोह का वाद दाखिल किया है। अधिवक्ता मनोज पहले भी आमिर की फिल्म पीके के पोस्टर में कथित अश्लीलता को लेकर मुकदमा दायर कर चुके हैं।
गौरतलब है कि देश के मौजूदा माहौल को देखते हुए आमिर खान के बयान पर देश भर में प्रतिक्रियाएं हो रही हैं। आमिर ने कहा था कि उनकी पत्नी किरण राव को अपने बच्चों को लेकर डर लग रहा है। आमिर के मुताबिक उनकी पत्नी ने इस डर के चलते देश छोड़कर जाने की बात की थी।
आमिर के इस बयान ने तूल पड़ लिया और उन्हें देशभर में आलोचना का शिकार होना पड़ा।
dharmpath.com dharmpath