अपर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि पुलिस अधीक्षक द्वारा अपराधियों की समीक्षा किए जाने के बाद जनपद स्तर पर सर्किलवार अभियान चलाए जाने के निर्देश दिए गए थे। इसी दौरान बिंदकी कोतवाली निरीक्षक सच्चिदानंद त्रिपाठी, थानाध्यक्ष औंग विजय प्रताप सिंह तथा सर्विलांस प्रभारी शैलेंद्र प्रताप सिंह की टीम अपराधियों की टोह लेने के उद्देश्य से गश्त में मामूर थी।
इसी दौरान टीम के हाथों पंद्रह हजार का इनामी सुरेंद्र कंजड़ निवासी पंडुई कोतवाली बांदा हाल मुकाम छोटेलाल का पुरवा कोतवाली बिंदकी लग गया। उन्होंने बताया कि पकड़े गए अभियुक्त के खिलाफ अपराध संख्या 232/13 धारा 396/412 दर्ज था। उन्होंने बताया कि पकड़े गए अभियुक्त के साथियों राजा उर्फ विजय कुमार बाजपेयी निवासी मीरखपुर शुकलाना गली, लालू निवासी लाहौरी केवटरा तथा जितेंद्र उर्फ भूरा कंजड़ निवासी कंचनपुर कोतवाली बिंदकी को भी पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि पकड़े गए अभियुक्तों ने गत छह सितंबर को औंग थाना क्षेत्र के बडाहार रोड स्थित सैय्यद बाबा की मजार के समीप एक युवक की मोटरसाइकिल संख्या यूपी 71एसी 5874, मोबाइल व 150 रुपये नकद लूटे थे, जिसका मुकदमा भी दर्ज है।
अपर पुलिस अधीक्षक सिंह ने बताया कि पकड़ा गया सुरेंद्र शातिर किस्म का अपराधी है। उन्होंने बताया कि उसने बिंदकी स्थित ओमर राइस मिल में 2013 में अपने छह साथियों के साथ राइस मिल के मालिक व उसकी पत्नी को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर निर्मम हत्या करने के बाद लूटपाट की थी।
उन्होंने बताया कि हत्या व लूट के मामले में तीन लोगों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। बिंदकी कोतवाली के फॉलोवर मनोज कुशवाहा निवासी छोटेलाल का पुरवा सरकंडी चौकी की गत 9 जुलाई को हत्या की गई थी। हत्या के बाद सुरेंद्र कंजड़ व राजा वाजपेयी उसकी साइकिल व टार्च लूटा गया था।
उन्होंने बताया कि कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मुरादीपुर गांव निवासी राजा बाजपेयी के साढू राजू मिश्रा के यहां से साइकिल व टार्च पुलिस द्वारा बरामद कर ली गई है। उन्होंने बताया कि सुरेंद्र कंजड़ के ऊपर 15 हजार का इनाम घोषित किया गया था।
सिंह ने बताया कि पकड़े गए अभियुक्तों के पास से 10 ग्राम वजनी दो सोने की चूड़ियां, 2.5 ग्राम वजनी एक नथनी, 3.5ग्राम वजनी एक बेंदी व चांदी की 100 ग्राम वजनी हापपेटी सहित लूट की बाइक, मोबाइल, 150 रुपये नकद, साइकिल तथा बैट्री बरामद की है।
उन्होंने बताया कि घटना का खुलासा करने वालों में बिंदकी के प्रभारी निरीक्षक, औंग थानाध्यक्ष सहित 19 पुलिस कर्मियों का योगदान रहा।
dharmpath.com dharmpath