इलाहाबाद, 20 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्रसंघ भवन के उद्घाटन कार्यक्रम में हिस्सा लेने जा रहे गोरखपुर से सांसद योगी आदित्यनाथ को पुलिस ने इलाहाबाद में प्रवेश करने से पहले रोक दिया। वह भवन का उद्घाटन नहीं कर पाए।
पुलिस ने योगी को रोकने के लिए हर तरफ नाकेबंदी कर रखी थी। योगी ने विंध्यधाम में पूजन किया।
कार्यक्रम में जाने की कोशिश कर रहे सांसद केशव प्रसाद मौर्या और सांसद वीरेंद्र सोनकर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इससे खफा आदित्यनाथ के समर्थकों ने सपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ भवन के उद्घाटन कार्यक्रम में सांसद योगी आदित्यनाथ के शामिल होने को लेकर पिछले कई दिनों से छात्र संगठनों के बीच विवाद चल रहा था। इस मामले में बृहस्पतिवार को प्रशासन को भी हस्तक्षेप करना पड़ा।
जिलाधिकारी संजय कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के.एस. इमानुएल ने गुरुवार को प्रेसवार्ता कर कहा था कि “आदित्यनाथ के कार्यक्रम को लेकर विवि प्रशासन ने अनुमति नहीं ली है। लिहाजा उनके कार्यक्रम पर प्रतिबंध रहेगा। इस दौरान किसी ने शांति व्यवस्था में दखल देने की कोशिश की तो कड़ी कार्रवाई होगी।”
संजय कुमार ने शुक्रवार को कहा कि आदित्यनाथ के कार्यक्रम को लेकर पिछले तीन दिनों से छात्र संगठनों के बीच झड़प और विरोध की खबर आ रही थी।
उन्होंने कहा कि “इस बारे में जिला प्रशासन और एलआईयू की रपट मांगी गई। रपट के आधार पर योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम प्रतिबंधित कर उनके आने पर रोक लगा दी गई।”
dharmpath.com dharmpath