उप्र : कड़ी धूप में धरने पर बैठीं सांसद की तबियत बिगड़ी

लखनऊ/बहराइच़, 18 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में सिंचाई विभाग द्वारा बनाए जा रहे बांध के विरोध को लेकर बुधवार दूसरे दिन भी बहराइच जिले के गोपिया बैराज पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद सावित्री बाई फुले का धरना जारी है।

भीषण गर्मी में बीते 27 घंटे से खुले में धरने पर बैठीं सांसद की तबियत बिगड़ने लगी है।

नानपारा क्षेत्र के एसडीएम और सीओ नानपारा मंगलवार देर रात धरनास्थल पर पहुंचे थे। उन्होंने सांसद से बात की, लेकिन फुले ने अपनी मांगों का हवाला देकर उन्हें बैरंग लौटा दिया।

सांसद को किसी बड़े अधिकारी अथवा केंद्रीय मंत्री का इंतजार है, जो उनकी मांगों को पूरा कर सके। सांसद की मांग है कि बांध का निर्माण रोका जाए और उनके समर्थकों पर दर्ज मुकदमे वापस लिए जाएं।

सांसद मंगलवार दोपहर 12 बजे गोपिया बैराज पर समर्थकों और ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठी थीं। इन लोगों का कहना है कि बांध बनने से इस इलाके के 68 मजरों को खतरा है।

गौरतलब है कि जिले के मोतीपुर क्षेत्र में चौधरी चरण सिंह गोपिया बैराज पर बाढ़ तथा बरसात में नेपाल से पानी आने से होने वाली तबाही को रोकने के लिए सिंचाई विभाग बैराज से मझगवां तक 11 किमी लंबे बांध का निर्माण करा रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि मजरों के बाईं तरफ पहले से बांध बना हुआ है। अब दाईं तरफ भी बांध बनाया जा रहा है, जिससे इसकी जद में आने वाले 68 मजरों को नुकसान होगा।

सिंचाई विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, बने हुए बांध को बाढ़ के समय नुकसान से बचाने के लिए नए बांध का निर्माण किया जाना जरूरी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493