बांदा, 8 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के पतवन गांव में चार दिन पूर्व मोटरसाइकिल से घायल हुए किसान की मौत के बाद प्राथमिकी न दर्ज करने से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव रखकर कर बबेरू थाने का बुधवार को घेराव किया। काफी देर बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर पीड़ित परिवार को शव का अंतिम संस्कार करने के लिए राजी कर पाई।
घटना के बारे में किसान की पत्नी फूलकली यादव ने बताया, “घर की आर्थिक स्थिति ठीक न होने पर उसका पति अशोक कुमार (38) पतवन गांव में एक निजी टेलीफोन टावर में नौकरी कर रहा था। चार फरवरी को वह पूर्व प्रधान की तेज रफ्तार मोटरसाईकिल की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। मंगलवार की शाम कानपुर की अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।”
उसने बताया कि शव लेकर जब परिवारजन थाने गए तो पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराने का दबाव डाला, जिससे परिजन नाराज होकर थाने के दरवाजे शव रखकर थाने का घेराव किया।
थाना प्रभारी प्रेम कुमार यादव ने बताया, “एक राजनीतिक दल के कुछ कार्यकर्ताओं के उकसावे में मृतक के परिजन शव रखकर थाने का घेराव शुरू कर दिए था। बाद में मृतका की पत्नी फूलकली की तहरीर पर पूर्व ग्राम प्रधान लालबहादुर यादव उर्फ लाला के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का मामला दर्ज कर परिजनों को शव के अंतिम संस्कार के लिए राजी कर लिया गया है।”
dharmpath.com dharmpath