चंडीगढ़, 8 मार्च (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर हरियाणा विधानसभा में बुधवार को विपक्षी महिला सदस्य की व्यक्तिगत टिप्पणी की वजह से महिला मंत्री कविता जैन के आंखों में आंसू छलक पड़े।
सरकार बाद में विपक्षी कांग्रेस की विधायक गीता भुक्कल की टिप्पणी को लेकर निंदा प्रस्ताव लाई, जिसका सदन ने समर्थन किया।
यह विवाद तब पैदा हुआ, जब कांग्रेस की पूर्व मंत्री गीता भुक्कल ने हरियाणा सरकार की महिला दिवस को राज्यस्तरीय कार्यक्रम के तौर पर नहीं लेने के लिए आलोचना की।
विधानसभा ने चल रहे बजट सत्र के दौरान महिला विधायकों को महिला दिवस पर मुद्दे उठाने के लिए समय निर्धारित किया था।
महिला एवं बाल विकास मंत्री कविता जैन ने कहा कि इस तरह का एक कार्यक्रम 15 मार्च को सोनीपत में किया जाएगा।
इसके बाद भुक्कल ने कविता जैन पर सदन में गलत सूचना देने का आरोप लगाया और कहा, “मैं सरकार की आज (बुधवार) अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस नहीं मनाए जाने के लिए आलोचना करती हूं। मंत्री सदन में एक गलत बयान दे रही हैं। कविता जैन यहां तक कि अपनी फाइल भी नहीं देखतीं, उनके पति राजीव जैन (वरिष्ठ हरियाणा भाजपा नेता) फाइल देखते हैं।”
गीता भुक्कल के बयान से सत्तारूढ़ भाजपा और कांग्रेस के विधायकों में विवाद पैदा हो गया। कांग्रेस विधायक की इस व्यक्तिगत टिप्पणी से कविता की आंख में आंसू आ गए।
संसदीय कार्य और शिक्षा मंत्री रामविलास शर्मा ने मुद्दे को सुलझाने की कोशिश की, लेकिन बाद में गीता की टिप्पणी को लेकर एक निंदा प्रस्ताव लाया गया, जिसे विधानसभा ने पारित किया।
गीता ने बाद में मीडिया से कहा कि उनकी मंशा मंत्री पर व्यक्तिगत टिप्पणी करने की नहीं थी, वह सिर्फ एक मुद्दा उठा रही थीं।
मंत्री कविता जैन में कहा कि इस घटना ने सिद्ध कर दिया कि महिलाएं खुद महिलाओं की सबसे बड़ी शत्रु हैं।
dharmpath.com dharmpath