लखनऊ , 13 जनवरी (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई को उम्मीद है कि सूबे के पचास फीसदी से अधिक किसानों को केंद्र सरकार की नई फसल बीमा योजना का फायदा मिलेगा।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डा. लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने कहा कि लोहिड़ी, पोंगल एवं बीहू जैसे त्योहारों के शुभ अवसर पर केंद्र सरकार ने इस योजना के रूप में किसानों को एक बड़ा तोहफा दिया है।
लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय पर एक पत्रकार वार्ता के दौरान डा. बाजपेयी ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना इसी साल खरीफ की फसल से लागू होगी।
गौरतलब है कि देश में लगातार दो साल से सूखे की स्थिति के बीच केंद्र सरकार ने आज इस नई फसल बीमा योजना को मंजूरी दी, जिसके तहत किसानों को अनाज एवं तिलहनी फसलों के बीमा संरक्षण के लिए अधिकतम दो प्रतिशत और होर्टिकल्चर तथा कपास की फसलों के लिए अधिकतम पांच प्रतिशत तक प्रीमियम रखा गया है।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना इस साल खरीफ सत्र से लागू होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की बैठक में बुधवार को इसे मंजूरी दी गई।
डा. बाजपेयी ने कहा कि किसानों के लिए बीमा योजनाएं समय-समय पर बनती रहीं हैं, किंतु इसके बावजूद अब तक कुल कवरेज 23 प्रतिशत हो सका है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में 50 प्रतिशत से अधिक किसानों को नई बीमा योजना का फायदा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं की समीक्षा कर अच्छे फीचर शामिल कर किसान हित में और नए फीचर्स जोड़कर फसल बीमा योजना बनाई गई है। इस प्रकार यह योजना पुरानी किसी भी योजना से किसान हित में बेहतर है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत फसल के अनुसार किसान द्वारा देय प्रीमियम राशि बहुत कम कर दी गई है। खरीफ की फसलों पर किसानों को बीमित राशि का मात्र दो प्रतिशत, रबी की फसल पर अधिकतम 1़5 प्रतिशत और वाणिज्यिक एवं बागवानी फसलों पर अधिकतम पांच फीसदी तक प्रीमियम देना होगा।
dharmpath.com dharmpath