लखनऊ, 15 जनवरी (आईएएनएस)। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी की वजह से मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ गई है। उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ सहित सूबे के अन्य हिस्सों में कोहरे और ठंड से जनजीवन पूरी तरह से बेहाल है। मौसम विभाग ने दो दिनों के बाद ही मौसम के साफ होने का अनुमान जताया है।
उप्र मौसम विभाग के निदेशक जे. पी. गुप्ता के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में इस तरह का बदलाव देखने को मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि अगले 48 घंटे के बाद ही मौसम पूरी तरह से साफ होने और धूप निकलने के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने का अनुमान है।
लखनऊ के अतिरिक्त गुरुवार को वाराणसी का न्यूनतम तापमान पांच डिग्री, कानपुर का 6.2 डिग्री, इलाहाबाद का सात डिग्री और गोरखपुर का 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
गौरतलब है कि बुधवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 16.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस कम था। न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस कम था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
dharmpath.com dharmpath