लखनऊ , 18 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के तहत रविवार को राजधानी में वोट डाले जाएंगे वहीं दूसरी तरफ लंबे समय से कानून से बच रहे कैबिनेट मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति के खिलाफ शनिवार को लखनऊ में मामला दर्ज हो गया।
प्रजापति के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म के साथ ही वीडियो बनाने का मामला दर्ज किया गया है।
सर्वोच्च न्यायालय के शुक्रवार के आदेश के बाद उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में प्रचार के दौरान कई दलों ने गायत्री प्रजापति के दुष्कर्म के मामले को मुद्दा बना लिया था।
लखनऊ के गौतम पल्ली थाने में शाम को गायत्री प्रसाद प्रजापति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। ऐसा माना जा रहा है कि अब अमेठी से सत्ताधारी दल के उम्मीदवार प्रजापति की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। उन पर अब गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है।
प्रजापति के खिलाफ गौतम पल्ली थाने में अपराध संख्या 29-17 में मामला दर्ज किया गया है। गायत्री प्रसाद प्रजापति के साथ ही पांच अन्य लोगों के खिलाफ आइपीसी की धारा 511, 376 डी तथा पाक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गौरतलब है कि एक महिला ने आरोप लगाया था कि वह तीन साल पहले गायत्री प्रसाद प्रजापति से मिली थी, उस समय उन्होंने चाय में नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया था और कुछ तस्वीरें उतार ली थी। इसके बाद ब्लैकमेल कर और कई दिनों तक यौन शोषण करता रहा।
गायत्री प्रसाद प्रजापति चार साल अखिलेश सरकार में मंत्री रहे हैं और इस दौरान उन पर अवैध खनन का भी आरोप लगा।
dharmpath.com dharmpath